भाजपा का डिप्टी सीएम पर तंज : तेजस्वी को नहीं समझ आतंकवाद व जंगलवाद का अंतर
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उपमुख्यमंत्री के जंगलराज और आतंकराज वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि उपमुख्यमंत्री को इतनी भी समझ नहीं है कि आतंकवाद परायों के द्वारा फैलाया जाता है, जबकि बिहार में जंगलवाद अपनों द्वारा फैलाया जा रहा है।
पटना। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उपमुख्यमंत्री के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है जिसमें उन्होंने कहा है कि बिहार में अगर जंगलराज तो देश में क्या आतंकराज है?
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को इतनी भी समझ नहीं है कि आतंकवाद परायों के द्वारा फैलाया जाता है, जबकि बिहार में जंगलवाद अपनों द्वारा फैलाया जा रहा है।
डॉ. कुमार ने कहा कि बिहार में रोज आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। राज्य के आम नागरिक, व्यवसायी, उद्यमी, सभी अपराधियों के आतंक के साये में जी रहे हैं। जब राज्य का आम-अवाम असुरक्षित हो, मंदिरों में भगवान सुरक्षित न हों, कानून के रक्षक पुलिस खुद अपराधियों के शिकार हो रहें हों, पुलिस अपराधियों के सामने बौनी साबित हो रही हो, रोज-ब-रोज अपराधियों का दबदबा बढ़ रहा हो और अपने लोगों की सरकार मूकदर्शक बनी रहे तो इसे ही जंगलराज कहा जाता है।
उन्होंने कहा, वहीं दूसरी ओर आतंकवाद दूसरे देश के आतंवादियों के द्वारा प्रायोजित होता है। इसके अंतर को उपमुख्यमंत्री को समझना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पटना उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश इकबाल अहमद अंसारी के सिवान में दिए वक्तव्य कि 'सभ्य समाज में नहीं चलेगा जंगलराजÓ, इस मुद्दे पर एक कड़ी टिप्पणी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश सरकार को इसपर गंभीरता दिखाते हुए अपराध के खात्मे तक एक कारगर अभियान चलाना चाहिए, ताकि बिहार से जंगलराज समाप्त किया जा सके।