बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं का इंतजार होगा खत्म, प्रदेश कार्यसमिति और 7 मोर्चों की टीम का एलान जल्द
भाजपा बिहार में अपने अनुषंगिक संगठनों का विस्तार करने जा रही है, जिसमें कई नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलेगी।

BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी। फाइल फोटो
HighLights
अनुषंगिक संगठनों में पदस्थापन का दूसरा चरण शीघ्र शुरू होगा।
सात मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों में नियुक्तियां जल्द होंगी।
अनुभवी और युवा नेताओं को संगठन में मिलेगा मौका।
राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के अनुषंगिक संगठनों में पदधाकर बन संगठन गढ़ने का सपना संजोए कार्यकर्ताओं की अभिलाषा शीघ्र पूर्ण होगी।
पार्टी में संगठनात्मक मनोनयन का दूसरा चरण शीघ्र शुरू होने वाला है। सात मोर्चों की टीम के साथ प्रकोष्ठों, विभागों एवं मीडिया से जुड़े महत्वपूर्ण पदों से संबंधित दायित्व शीघ्र घोषित करने की तैयारी है।
प्रदेश नेतृत्व ने इन पदों के लिए योग्य कार्यकर्ताओं के नामों की सूची तैयार कर ली है। मुख्य संगठन में जहां मीडिया विंग (प्रवक्ता, मीडिया संयोजक, मीडिया प्रभारी एवं सह प्रभारी) की घोषणा एक वर्ष से लंबित है।प्रदेश कार्यसमिति के गठन की तैयारी अंतिम चरण में है।
लंबे समय से खाली हैं पद
इन पदों पर मनोनयन के साथ ही संगठन में लंबे समय से खाली चल रहे कई महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलेगी। प्रदेश नेतृत्व ने इन पदों के लिए योग्य नेताओं के नामों की सूची तैयार कर ली है।
विदित हो कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संजय सरावगी को 15 दिसंबर 2025 को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी।
इसके बाद मई 2026 में प्रदेश पदाधिकारियों और सात मोर्चों के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई थी, लेकिन मोर्चों के पदाधिकारियों प्रकोष्ठों और विभागों के प्रमुखों की नियुक्ति अब तक लंबित है।
पार्टी नेतृत्व अब संगठनात्मक ढांचे को पूरी तरह सक्रिय करने की तैयारी में है। इसी क्रम में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के नामों का भी औपचारिक एलान किया जाएगा।
संगठन में विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं के अनुभव को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार की जा रही है। इसमें पुराने और अनुभवी नेताओं के साथ कुछ युवा चेहरों को भी मौका देने की तैयारी है।
पार्टी का प्रयास है कि संगठन में पीढ़ियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो और नई ऊर्जा के साथ कामकाज आगे बढ़े। भाजपा नेतृत्व का प्रयास है कि संगठन के सभी प्रकोष्ठ और विभाग पूरी क्षमता से काम करें।