Bihar Assembly Election 2020 Result: भाजपाई सबसे अधिक खुश, कार्यालय में बजा शंख, तस्वीरों में जानें अन्य कार्यालयों का हाल
एनडीए खेमे को अब अपनी जीत का पक्का यकीन हो चुका है। इसका असर भाजपा और जदयू के कार्यालयों के बाहर दिखने लगा है। वहीं कांग्रेस और राजद के कार्याकर्ताओं में अब मायूसी देखने को मिल रही है। तस्वीरों में देखें अलग-अलग पार्टी के कार्यालय का माहौल
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 (Bihar Assembly Election 2020) के परिणाम आने शुरू हो गये हैं। अब तक आये सबसे पहले नतीजे में राजद के बड़े नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी हार गये हैं। नतीजों और रुझानों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी राजग (NDA) के कार्यकर्ता उत्साहित हो गये हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जदयू (JDU) के कार्यालयों के बाहर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
जदयू कार्यालय में बज रहे ढोल-नगाड़े
जदयू कार्यालय परिसर में कार्यकर्ता पार्टी की ओर रुझान आने के बाद ढोल-नगाड़े बजाते और आतिशबाजी करते नजर आए। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते बन रहा था। वही पार्टी के कार्यकर्ता 'फिर से नीतीशे कुमार' के नारे लगाते दिखे। वक्त गुजरने के साथ-साथ रुझानों में एनडीए की सीटों का आंकड़ा बढ़ रहा है। इसी के साथ कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ रहा है।
भाजपा कार्यालय में बजा शंख, महिलाओं ने मनाई खुशी
सबसे अधिक खुशी भाजपा कार्यालय में देखने को मिल रही है। भाजपा के कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने शंख बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया। महिलाओं ने रंग-अबीर लगाकर होली खेली। बीजेपी कार्यालय में काफी उत्साह का माहौल है। कई पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में विराजमान हो चुके हैं । अब राज्य के कोने-कोने से कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय में पहुंचने लगे हैं। समय बीतने के साथ यहां पर लगातार भीड़ भी बढ़ती जा रही है।
वक्त गुजरने के साथ राजद कार्यालय में घटा उत्साह
मतगणना के शुरुआती रुझान आने के साथ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यालय में खूब चहलकदमी थी। उत्साहित कार्यकर्ता लगातार नारे लगा रहे थे, लेकिन बाद में यहां रौनक घटती दिखाई दी। दोपहर दो बजे तक पार्टी कार्यालय में कोई वरिष्ठ नेता नहीं आया। हालांकि प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी मोर्चा संभाले हुए हैं।
रुझान आते ही पार्टी कार्यालय में पुलिस बल की तैनाती
मंगलवार की सुबह पार्टी कार्यालयों का अलग ही नजारा देखने को मिला। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम में उलेट-फेर होते देख सुबह पार्टी कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन दोपहर बाद कार्यालय का नजारा अलग ही दिखा। पहले जहां महागठबंधन एक तरफ बढ़त बनाए था वही कुछ घंटे बाद एनडीए की बहुमत अधिक दिखाई पडऩे लगा। रुझान देखते हुए बीजेपी, जदयू कार्यालय में कार्यकर्ता ढोल, झाल के साथ झूमते नजर आए तो वही पटाखे भी फोड़े गए। सुबह तक जहां पार्टी कार्यालय में सन्नाटा पसरा था, वही अब केंद्रीय पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस बल की तैनाती का मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था को सही रखना है।