विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bisleri विवाद के बीच पटना के बाजार में उठे सवाल, डिस्ट्रीब्यूटर्स बोले- यहां का पानी सुरक्षित; मामला गोवा प्लांट का

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:37 PM (IST)

बिसलेरी के गोवा प्लांट के एक पुराने बैच में गड़बड़ी सामने आने के बाद बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह मामला एक विशिष्ट बैच तक सीमित है, और पटना के वितरकों ने यहां बेचे जा रहे पानी को सुरक्षित बताया है।

पटना में बिक रहा पानी अलग प्लांट का

पटना में बिक रहा पानी अलग प्लांट का

HighLights

  1. गोवा प्लांट के एक पुराने बैच में पानी की गड़बड़ी मिली।

  2. पटना के वितरकों ने अपने क्षेत्र के पानी को सुरक्षित बताया।

  3. इस विवाद से बोतलबंद पानी की गुणवत्ता जांच पर सवाल उठे।

जागरण संवाददाता, पटना। बिसलेरी के गोवा प्लांट में बने एक पुराने बैच के नमूने में गड़बड़ी सामने आने के बाद बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि देशभर में उसके सभी 143 प्लांट खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्पादन कर रहे हैं।

कंपनी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) की कार्रवाई गोवा प्लांट में 27 सितंबर, 2025 को बने 14 माह पुराने बैच जीओ 270 तक सीमित है। इस बैच का अब बाजार में कोई स्टाक नहीं है।

डिस्ट्रीब्यूटर्स बोले- पटना में बिक रहा पानी अलग प्लांट का

बिसलेरी को लेकर उठे सवालों के बीच पटना के डिस्ट्रीब्यूटर्स का कहना है कि यहां उपलब्ध पानी गोवा प्लांट में तैयार नहीं हुआ था। उनका कहना है कि किसी एक प्लांट के एक बैच में सामने आई गड़बड़ी को पूरे ब्रांड के उत्पादन से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। हालांकि इस मामले ने बाजार में बिकने वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और उसकी नियमित जांच को लेकर चर्चा जरूर बढ़ा दी है।

एक बैच के नमूने में मिला पीएएच, दोबारा जांच की मांग

कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एक जल स्रोत से लिए गए शुरुआती छह नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे। दोबारा जांच में संबंधित बैच के छह में से एक नमूने में 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पीएएच पाया गया, जबकि दूसरे नमूने में सभी मानक सही मिले। कंपनी ने फरवरी 2026 में विसंगति बताते हुए पीएएच की पुनः जांच की मांग की थी।

गोवा प्लांट का उत्पादन बंद करने का निर्देश नहीं

बिसलेरी ने स्पष्ट किया है कि एफएसएसएआइ की कार्रवाई संबंधित बैच की बिक्री रोकने तक सीमित है। गोवा प्लांट का उत्पादन बंद करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, बैच में ब्रोमेट की मात्रा भी स्वीकार्य सीमा के भीतर थी। कंपनी का दावा है कि इसके बाद किसी अन्य प्लांट के नमूने में प्रतिकूल रिपोर्ट नहीं आई है।

स्थानीय ब्रांडों के पानी की जांच पर भी उठे सवाल

बिसलेरी विवाद के बाद बाजार में उपलब्ध स्थानीय और क्षेत्रीय ब्रांडों के पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। उपभोक्ताओं के सामने यह जानना महत्वपूर्ण है कि बोतलबंद पानी की नियमित जांच कैसे होती है और गुणवत्ता मानकों का पालन किस स्तर पर किया जाता है। किसी ब्रांड का स्थानीय होना या राष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखना अपने आप में पानी की गुणवत्ता की गारंटी नहीं है।

सिर्फ ब्रांड नहीं, गुणवत्ता जांच भी होनी चाहिए प्राथमिकता

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर खरीदते समय उपभोक्ताओं को सीलबंद बोतल, निर्माण और समाप्ति तिथि, निर्माता की जानकारी तथा एफएसएसएआइ लाइसेंस नंबर जरूर देखना चाहिए। किसी एक बैच में गड़बड़ी मिलने का अर्थ यह नहीं है कि पूरे ब्रांड का पानी असुरक्षित है। इसी तरह किसी स्थानीय ब्रांड को बिना जांच के सुरक्षित मानना भी उचित नहीं होगा।

कंपनी ने भ्रामक प्रचार से बचने की अपील की

बिसलेरी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधूरी जानकारी और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें। कंपनी ने गलत प्रचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी कही है। फिलहाल इस पूरे मामले ने बोतलबंद पानी की गुणवत्ता, पारदर्शिता और नियमित जांच की व्यवस्था को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।