घोड़े के चक्कर में ट्रक के नीचे आए बेगूसराय के बाइक सवार, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
Road Accident in Begusarai बेगूसराय जिले के बछवाड़ा में घोड़े की वजह से बड़ा हादसा हो गया। बाइक सवार दो युवक ट्रक की चपेट में आ गए। इसमें एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बछवाड़ा (बेगूसराय), संवाद सूत्र। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी पेट्रोल पंप के समीप एन एच 28 पर शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक दादुपुर पंचायत के वार्ड संख्या पांच निवासी गनौरी साह का 22 वर्षीय पुत्र साजन कुमार था। वहीं घायल युवक उसके पड़ोसी सियाराम साह का 20 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार है। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
दोस्त के साथ जा रहा था बरौनी
ग्रामीणों ने बताया कि साजन कुमार आर्मी की तैयारी में लगा था। शुक्रवार सुबह किसी काम से अपने एक अन्य ग्रामीण के साथ बाइक से बरौनी जा रहा था। इसी क्रम में रानी गांव के समीप एनएच 28 पर घोड़ा को बचाने के दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही साजन की मौत हो गई। वहीं रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी समेत भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने घायल को गोधना स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया जा रहा। घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग एनएच पर पहुंच गए। घटनास्थल पर स्वजन के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन बना है। लोगों की भीड़ के कारण कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया।
सेना बनकर देश सेवा की थी चाहत
ग्रामीणों ने बताया कि साजन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था। सैनिक बनकर देश सेवा करने की साजन की चाहत थी। इसको लेकर वह फिजिकल की तैयारी कर रहा था। लेकिन रफ्तार की मार ने उसके साथ ही परिवार के सपनों को भी चूर-चूर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।