अवैध संबंध में हुई थी व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
बिहटा के नेउरा क्षेत्र के भगवतीपुर सुरेश वर्मा हत्या अवैध संबंध में हुई थी।
पटना । बिहटा के नेउरा क्षेत्र के भगवतीपुर सुरेश वर्मा हत्या अवैध संबंध में हुई थी। पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपित बिटेश्वर को पिस्टल और एक राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि उसने पूछताछ में बताया कि पत्नी से सुरेश वर्मा का अवैध संबंध था। इसी वजह से गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घटना एक अक्टूबर की देर शाम की है। घर के मुख्य दरवाजे के सामने बैठकर सुरेश खाने की थाली का इंतजार कर रहा था। इसी बीच बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर बिटेश्वर सुरेश के पास पहुंचा। पिस्टल निकाली और सुरेश के सीने में चार गोलियां उतार दीं। बिटेश्वर घटना के बाद वही खड़ा रहा और सुरेश के बेटे को भी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस को बताया गया कि घटना में चार लोग शामिल थे और बिटेश्वर मुख्य आरोपित बनाया गया था। पुलिस बिटेश्वर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने बिटेश्वर को पसौढ़ा बगीचे से दबोच लिया।
पहले दी सलाह, फिर मारी चार गोली :
पुलिस की पूछताछ में बिटेश्वर ने बताया कि सुरेश को पूर्व में भी पत्नी से दूर रहने की सलाह दी थी। धमकी भी दिया था। इसके बावजूद वह पत्नी के मोबाइल पर फोन करता था। अश्लील बातें करता था। इसके बाद बिटेश्वर ने एक अक्टूबर की शाम गांव के ट्रांसफॉर्मर से पहले बिजली काटी थी। फिर सुरेश के घर पहुंच उसके सीने में चार गोली उतार दी। उसने घटना को अकेले ही अंजाम दिया था।