BiharAssemblyElection2020: सिवान के 14 हजार 800 दिव्यांग मतदाताओं की विस चुनाव में होगी अहम भूमिका
विधानसभा चुनाव 2020 को ले सिवान में हलचल बढ़ गई है। नेत्रहीन बहरे बोलने व सुनने में असमर्थ सहित अन्य दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। बूथ पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा होगी।
By Bihar News NetworkEdited By: Published: Sun, 13 Sep 2020 02:53 PM (IST)Updated: Sun, 13 Sep 2020 02:53 PM (IST)
सिवान, जेएनएन: जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है। इस बार के आठों विधानसभा क्षेत्र में 14 हजार 800 दिव्यांग मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। इनके नाम मतदाता सूची में शामिल हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल मतदाताअों की संख्या 24 लाख 18 हजार 136 हैं। इसमें 12 लाख 63 हजार 23 पुरुष, 11 लाख 55 हजार 27 महिला मतदाता व 86 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं विधानसभा आम चुनाव में जिले के 14 हजार 800 दिव्यांग मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करेंगे। इनमें 2422 नेत्रहीन मतदाता, 1531 बोलने व सुनने में असमर्थ मतदाता, 7084 हरकत दिव्यांगता वाले मतदाता तथा 3763 अन्य कारणों से दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल लिपि में फोटो मतदाता पर्ची की हुई है छपाई
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि चलने-फिरने से लाचार मतदाताओं को उनके घर से बूथ तक लाने व वोटिंग के बाद घर तक पहुंचाने के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल लिपि में फोटो मतदाता पर्ची छपवाई गई है। वहीं सभी ईवीएम में ब्रेल लिपि से कोटिंग से किया गया है, ताकि दृष्टिबाधित मतदाता उसकी मदद से पसंद के उम्मीदवार को वोट कर सकें।
दिव्यांगों के लिए गाड़ी की सुविधा, ब्रेल लिपि, रैंप, शौचालय, पेयजल, व्हीलचेयर जैसी सुविधा
विधानसभा चुनाव में मतदान करने से कोई भी वंचित न रहे, इसे ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए कई खास इंतजाम किए हैं। आयोग के निर्देश पर दिव्यांगों के लिए घर से मतदान केंद्र तक गाड़ी की सुविधा, ब्रेल लिपि, रैंप, शौचालय, पेयजल, व्हीलचेयर जैसी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार दिव्यांग मतदाताओं के लिए 323 व्हील चेयर व ट्राइ साइकिल उपलब्ध है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें