IPS भानु प्रताप सिंह पर पत्नी ने लगाया उत्पीड़न का आरोप, बिहार राज्य महिला आयोग ने भेजा समन
बिहार राज्य महिला आयोग ने आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा सिंह द्वारा उत्पीड़न की शिकायत पर संज्ञान लिया है।
-1793035101022_m.webp)
आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी। (सोशल मीडिया)
HighLights
पत्नी पूजा सिंह ने आईपीएस भानु प्रताप सिंह पर उत्पीड़न आरोप लगाया।
बिहार महिला आयोग ने शिकायत पर गंभीर रुख अपनाया, रिपोर्ट मांगी।
आयोग ने आईपीएस भानु प्रताप सिंह को अपना पक्ष रखने समन भेजा।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार राज्य महिला आयोग ने आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत पर गंभीर रुख अपनाया है।
सोमवार को पत्नी पूजा सिंह ने आयोग में अपने पति के विरुद्ध उत्पीड़न से संबंधित मामला दर्ज कराया। अध्यक्ष के निर्देश पर संबंधित वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर पूजा सिंह की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में तीन दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।
आयोग ने शिकायत पर अपना पक्ष रखने के लिए भानु प्रताप सिंह को कार्यालय में उपस्थित होने का समन भी भेजा है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच और तथ्यों के आधार पर होनी बाकी है। खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूजा का दावा है कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही हैं। उनका आरोप है कि उनकी छह साल की बेटी को उनसे दूर कर दिया गया है।
बेटी को साथ लेकर चले गए भानु प्रताप सिंह
पूजा ने बताया कि उनकी बेटी को भानु प्रताप सिंह अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद वह पटना से खगड़िया स्थित एसपी आवास पहुंचीं।
उनका आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद भी उन्हें अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया गया। पूजा ने कहा कि उनके पीछे उनकी बेटी को खगड़िया लाया गया, लेकिन उन्हें बच्ची से मिलने का मौका नहीं दिया गया। उनका यह भी दावा है कि भानु प्रताप सिंह उनसे मिलने तक अस्पताल नहीं आए।
