खगड़िया SP भानू प्रताप विवादों में घिरे, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप; बोलीं- मुझे घर में नहीं घुसने दिया
खगड़िया एसपी भानू प्रताप सिंह पर उनकी पत्नी पूजा कुमारी ने गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना ...और पढ़ें

एसपी भानू प्रताप सिंह। जागरण
HighLights
एसपी भानू प्रताप सिंह पर पत्नी पूजा कुमारी ने प्रताड़ना का आरोप लगाया।
पत्नी का दावा, आईपीएस बनने के बाद पति ने बदला व्यवहार।
एसपी आवास के बाहर रोती हुई पत्नी का वीडियो वायरल।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया एसपी भानू प्रताप सिंह (Khagaria SP Bhanu Pratap Singh) पारिवारिक कलह के कारण विवादाें से घिर गए हैं। उनकी पत्नी ने उनपर गंभीर आरोप लगाए हैं। एसपी भानू प्रताप सिंह की पत्नी पूजा कुमारी ने उनपर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पत्नी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एसपी आवास के बाहर एक महिला एसपी भानु प्रताप सिंह को अपना पति बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाती नजर आ रही हैं। हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
वीडियो में महिला (एसपी की पत्नी) कह रही हैं कि उनके पति आईपीएस अधिकारी बनने के बाद से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। खगड़िया स्थित एसपी आवास से उन्हें बाहर कर गेट लगा दिया गया है। उन्हें उनकी बेटी से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है।
खगड़िया आने से पहले उन्हें भानू प्रताप सिंह ने पटना में बंद कर दिया था और बेटी को लेकर खगड़िया चले आए। यहां भी उन्हें बेटी से नहीं मिलने दिया जा रहा है। पहले सबकुछ ठीक था। आईपीएस अधिकारी बनने के बाद से उनके बर्ताव में बदलाव आ गया है। वह हमेशा प्रताड़ित करते हैं।
सूत्रों के अनुसार, एसपी भानू प्रताप सिंह की पत्नी पूजा बीते 31 अगस्त को खगड़िया अपने पति और पुत्री से मिलने आई थी। वीडियो उसी समय का बताया जा रहा है। वीडियो में एसपी आवास के बाहर सड़क पर रो-रोकर अपनी पीड़ा लोगों को बता रही हैं।
लोगों से एसपी आवास का गेट खुलवाने और पुत्री से भेंट कराने की गुहार लगा रही हैं। वीडियो में वे बता रही हैं कि प्रताड़ना के कारण अस्पताल में भर्ती थी। उन्होंने मुझे पिटवाया। वह हाथ में लगे पानी चढ़ाने वाला इंट्राकेट भी दिखा रही हैं।
वीडियो में कह रही हैं कि कि अस्पताल से यहां अपनी बेटी से मिलने आई हैं। पर उन्हें बाहर निकाल गेट बंद कर दिया गया है। बच्ची की किडनेप करने का आरोप भी लगा रही हैं।
वीडियो में कह रही हैं कि भानू प्रताप सिंह से जब उनकी शादी हुई उसके चार साल बाद वे आईपीएस अधिकारी बने। पटना के बाद भानू प्रताप सिंह खगड़िया आ गए और उन्हें छोड़ दिया। यहां घर में घुसने नहीं दे रहे हैं। बेटी से नहीं मिलने दे रहे हैं। वे कह रही हैं- मेरी क्या गलती है, यह कहां का न्याय है। वे रोती-बिलखती हुई न्याय का गुहार लगाती हुई दिख रही हैं।
क्या बोले अधिकारी?
इधर, इस मामले में जब खगड़िया एसपी भानू प्रताप सिंह के सरकारी मोबाइल पर फोन किया गया, तो प्रभारी एसपी रमेश कुमार ने बताया कि वे अवकाश पर गए हुए हैं।
प्रभारी एसपी रमेश कुमार ने सिर्फ इतना कहा कि यह पारिवारिक विवाद है। इधर, प्रभारी डीआईजी (बेगूसराय) राकेश कुमार ने बताया कि अबतक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पारिवारिक विवाद का मामला है।
