3 डिसमिल जमीन के लिए रोज पटना पहुंच रहीं 5000 से अधिक महिलाएं, प्रशासन ने दी भ्रम में न आने की सलाह
तीन डिसमिल जमीन के लिए रोजाना हजारों महिलाएं अफवाहों के चलते पटना पहुंच रही हैं, जबकि जिला प्रशासन ने स्पष्ट ...और पढ़ें

तीन डिसमिल भूमि के लिए आवेदन करने बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदक।(जागरण)
HighLights
तीन डिसमिल जमीन के लिए महिलाएं पटना पहुंच रही हैं।
यह अफवाह है कि आवेदन सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय में हो रहा है।
आवेदन अंचल कार्यालयों या ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।
जागरण संवाददाता, पटना। तीन डिसमिल जमीन मिलने की चर्चा के बीच राज्यभर से रोजाना पांच हजार से अधिक महिलाएं पटना पहुंच रही हैं।
पिछले करीब दस दिनों से लोकसेवक आवास के आसपास महिलाओं की भीड़ जुट रही है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें तीन डिसमिल जमीन के लिए आवेदन लिए जाने की जानकारी मिली है।
इसी चर्चा के बाद वे पटना पहुंच रही हैं। महिलाएं आधार कार्ड लेकर पहुंच रही हैं और सादे कागज पर आवेदन लिखकर जमा कर रही हैं।
आवेदन लेने के बाद उन्हें पावती भी दी जा रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं रात में ही लोकसेवक आवास पहुंच जा रही हैं। कई जगहों से महिलाएं समूह में पिकअप वाहनों से भी पटना आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि बिहार में यह अफवाह तेजी से फैली है कि मुख्यमंत्री सचिवालय में सीधे तीन-तीन डिसमिल मुफ्त जमीन के लिए आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं और जमीन भी दी जा रही है।
इसी जानकारी के आधार पर राज्य के अलग-अलग जिलों से भूमिहीन महिलाएं पटना पहुंच रही हैं। भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में लगाया गया है। महिलाओं को वास्तविक स्थिति की जानकारी देने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है।
एक रुपये का कागज, 10 रुपये में आवेदन
महिलाओं की बढ़ती भीड़ के बीच कुछ युवाओं को भी काम मिल गया है। दशरथा निवासी शशिकांत करीब एक दर्जन युवाओं के साथ आवेदन लिखने के काम में जुट गए हैं।
-1790014274048.webp)
चमेली देवी, सुनैना देवी और पिंकी देवी।
ये युवा एक रुपये में सादा कागज बेच रहे हैं और आवेदन लिखने के लिए 10 रुपये ले रहे हैं। एक युवा को रोजाना करीब 50 से 60 आवेदन लिखने का काम मिल रहा है।
पटना आने की जरूरत नहीं, अंचल कार्यालय में करें आवेदन
तीन डिसमिल जमीन की मांग को लेकर राज्यभर से महिलाएं पटना पहुंच रही हैं। अभियान बसेरा-2 को लेकर फैली चर्चा के बीच आवेदन कहां होगा, उसकी प्रक्रिया और पात्रता को लेकर लोगों में कई सवाल हैं। ऐसे में उठ रहे सवालों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रस्तुत है सवाल और उनके जवाब :-
किन्हें मिलेगा अभियान बसेरा-2 का लाभ?
अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग के योग्य भूमिहीन परिवारों को लाभ मिलेगा।
क्या आवेदन की प्रक्रिया चल रही है?
हां, पात्र लाभुक को आवास योग्य भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।
अभियान बसेरा-2 के तहत लाभुक को कितनी जमीन मिलेगी?
पात्र लाभुक को तीन डिसमिल जमीन मिलेगी।
लाभ लेने के लिए आवेदन कहां करना है? क्या इसके लिए पटना आना होगा?
अभियान बसेरा-2 का लाभ लेने के लिए पात्र परिवार अपने आवेदन अपने अंचल कार्यालय में ही जमा करें। इसके लिए पटना आने की कोई आवश्यकता नहीं है। पटना जिले में पंचायत कार्यालय में भी आवेदन की सुविधा है।
सभी अंचल एवं पंचायत कार्यालयों में हेल्पडेस्क
अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत आवेदन के लिए जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले के सभी अंचल एवं पंचायत कार्यालयों में हेल्पडेस्क बनाई गई है।
यहां पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करने, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा आवेदन जमा करने के बाद पावती रसीद देने की समुचित व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रम में न आएं।
वासयोग्य भूमि के लिए आवेदन देने हेतु किसी भी व्यक्ति को पटना जिला आने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं, अंचलाधिकारियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवेदन प्राप्त करने, आवश्यक सहयोग देने तथा पावती उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल एवं व्यवस्थित रखें।
जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों द्वारा इस संबंध में भ्रामक सूचना एवं अफवाह फैलाई जा रही है। ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अभियान बसेरा-2 के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की है। बिहार भूमि की आधिकारिक वेबसाइट biharbhumi.bihar.gov.in खोलनी होगी। इसके बाद ‘अभियान बसेरा हेतु आवेदन करें’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ट्रेन से सुबह तीन बजे पटना के लिए चली थी। यहां पहुंचने के बाद रात 12 बजे तीन डिसमिल जमीन के लिए आवेदन जमा किया। गांव में जमीन मिलने की चर्चा सुनी थी।
संगीता देवी, भेवर शिकारिया, जहानाबाद
फोन पर जानकारी मिली थी कि तीन डिसमिल जमीन के लिए आवेदन लिया जा रहा है। सुबह आठ बजे पटना आई और 11 बजे आवेदन जमा किया। जमीन मिलने की उम्मीद है।
चमेली देवी, रतनपुरा, नालंदा
सुबह सात बजे पटना आए। गांव के लोग जमीन के लिए आवेदन देने आ रहे थे, उन्हीं के साथ चली आई। आधार के साथ दोपहर 12 बजे आवेदन दिया और पावती भी मिली।
सुनैना देवी, इंदिरा नगर, हिसुआ, नवादा
