विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather Update: दिन में कड़ी धूप, रात में हल्की ठंड; बिहार में पछुआ हवा से बदला मौसम

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:27 AM (IST)

प्रदेश में पछुआ हवा के प्रभाव से मौसम बदल रहा है, जिससे सुबह-रात में हल्की ठंड और दिन में गर्मी ...और पढ़ें

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पछुआ हवा के कारण बिहार में मौसम का मिजाज बदला।

  2. सुबह-रात में हल्की ठंड, दिन में कड़ी धूप का अनुभव।

  3. अगले कुछ दिनों तक सुबह में धुंध छाने की संभावना।

जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश में पछुआ हवा के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम में इस बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। 

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के सभी हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का धुंध छाया रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा।

सुबह और रात में ठंड का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। 

सुबह और रात में ठंड का असर रहने के बावजूद दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस होगी। ऐसे में लोगों को दिन और रात के तापमान के अंतर के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करना पड़ सकता है।

16 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि 

बुधवार को पटना सहित प्रदेश के 16 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि 35.5 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। 

वहीं, अरवल में 14.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में वृद्धि और न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण दिन और रात के मौसम में अंतर देखने को मिल रहा है।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है।

इस मौसमी गतिविधि का प्रभाव पूर्वी भारत के मौसम पर भी पड़ सकता है। बिहार के उत्तरी हिस्सों में सुबह के समय धुंध का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। 

फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने और दिन में धूप निकलने के आसार हैं। सुबह के समय धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 29.5 19.9
गया 28.9 17.3
भागलपुर 30.1 19.4
मुजफ्फरपुर 27.0 20.0


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।