बिहार में 18 अक्टूबर को जमुई समेत कई जिलों में बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अपडेट
बिहार में मानसूनोत्तर अवधि में मौसम सामान्य और शुष्क बना हुआ है, हालांकि पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
-1792235230948_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बिहार में मानसूनोत्तर मौसम सामान्य और शुष्क बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
18 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में हल्की वर्षा संभव है।
डिजिटल डेस्क, पटना। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना के अनुसार बिहार में मानसूनोत्तर अवधि के दौरान मौसम पूरी तरह से सामान्य और शुष्क बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
बीते 24 घंटों का हाल
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य के दक्षिण, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों के एकाध स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
सबसे अधिक बारिश समस्तीपुर के सिंघिया (36.4 मिमी), कटिहार के दंडखोरा (26.3 मिमी) और हवेली खड़कपुर तथा समेली (25.0 मिमी) में दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म स्थान भभुआ (कैमूर) रहा, जहां तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य भर में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस से 36.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान डेहरी (रोहतास) में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य भर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस से 25.0 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। वहीं, मोकामा में सबसे अधिक 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
कल का मौसम
वैसे तो कल राज्य में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। लेकिन 18 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व बिहार (जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया, भागलपुर) के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा पूरे हफ्ते मौसम साफ रहेगा।
