Kal Ka Mausam 18 October: उत्तर बिहार में नवरात्रि पर एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान
Bihar Weather Forecast Durga Puja: शारदीय नवरात्रि के दौरान 18 अक्टूबर को उत्तर बिहार में मौसम आमतौर पर शुष्क और ...और पढ़ें

श्रद्धालुओं और पूजा आयोजकों को थोड़ा सतर्क रहने की भी जरूरत है।
HighLights
18 अक्टूबर को उत्तर बिहार में मौसम शुष्क रहेगा।
कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
नवरात्रि उत्सव में बड़ी बाधा की आशंका नहीं।
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Bihar Weather Update 18 October 2026: शारदीय नवरात्रि को लेकर बिहार और विशेषकर उत्तर बिहार में पूजा पंडालों से लेकर बाजारों तक भारी चहल-पहल देखी जा रही है।
ऐसे समय में जब श्रद्धालु मां के दर्शन और मेले का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकलने की तैयारी में हैं, मौसम के मिजाज पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
मौसम विभाग और डॉ राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार 18 अक्टूबर (रविवार) को मौसम आमतौर पर शुष्क और आसमान प्रायः साफ रहने की उम्मीद है।
हल्की बूंदाबांदी की संभावना
हालांकि, श्रद्धालुओं और पूजा आयोजकों को थोड़ा सतर्क रहने की भी जरूरत है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 18 और 19 अक्टूबर के आसपास उत्तर बिहार के एक-दो स्थानों पर बहुत ही हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है।
ऐसे में हल्की बारिश के कारण पूजा पंडालों में घूमने वाले भक्तों के आनंद में थोड़ी खलल पड़ने और मेला दुकानदारों तथा कारोबारियों को हल्की असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
तापमान का पूर्वानुमान
इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। वहीं रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
हवा की चाल की बात करें तो उत्तर बिहार के जिलों में पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।
मौसम प्रणालियों का असर
डॉ राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 75 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 55 प्रतिशत के आसपास रह सकती है।
देश भर में बने मौसमी तंत्रों और क्षोभमंडल के निचले स्तरों में उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश व आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण स्थानीय स्तर पर आंशिक बादल बन सकते हैं।
व्यापारियों और श्रद्धालुओं को राहत
हालांकि, किसी बड़े अलर्ट या भारी बारिश की चेतावनी न होने से दुर्गा पूजा के इस महापर्व में बड़ी रुकावट की आशंका नहीं है। नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धालु बिना किसी बड़े व्यवधान के मां दुर्गा का दर्शन-पूजन कर सकेंगे।
वहीं, दुकानदारों और मेला आयोजकों ने भी मौसम सामान्य रहने की उम्मीद से राहत की सांस ली है।
यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 17 October: उत्तर बिहार में शुष्क रहेगा मौसम, IMD ने जारी की पूर्वानुमान रिपोर्ट
