Bihar Weather Update: बिहार में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, आज से शीतलहर के आसार
पटना में सूर्यास्त के बाद तापमान में भारी गिरावअ आई। दिन और रात के तापमान में भी काफी अंतर रहा। गया राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा । गया में न्यूनतम तापमान छह तो पटना में आठ डिगी सेल्सियस पर लुढ़का ।
पटना, जागरण संवाददाता। पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा (Western Icy cold wind) की गति में तेजी आने के कारण प्रदेश में बुधवार (30 दिसंबर ) से फिर शीतलहर (cold wave) शुरू हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में भी भारी गिरावट आने की संभावना है। ठंड में वृद्धि होने के साथ ही हवा में भी आर्द्रता (humidity) काफी बढ़ेगी।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र (India Meterological Department) के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में पछुआ हवा चलने के कारण के आसमान साफ है। आजकल प्रदेश का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। दिन और रात के तापमान में भी काफी अंतर देखा जा रहा है।
दो जनवरी तक रहेग कंपाकंपानेवाली ठंड
वर्तमान में प्रदेश का आसमान साफ होने के कारण सूर्यास्त (sunset) के बाद तापमान में काफी गिरावट देखी जा रही है। शाम से सुबह आठ बजे तक पारा गिरने का सिलसिला जारी रहता है। दो जनवरी तक कंपकंपाने वाली ठंड बने रहने की उम्मीद है। ऐसे में दिन में अच्छी धूप निकल रही है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। सूर्यास्त के बाद अचानक पारा चार से पांच डिग्री सेल्सियस गिर जा रहा है।
यह रहा पूरे प्रदेश का तापमान
राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.2 एवं न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। गया का न्यूनतम 6.4 एवं अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। भागलपुर में अधिकतम 23.6 एवं न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को राज्य के अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। राज्य की हवा में आर्द्रता 80 से 93 फीसद रिकॉर्ड की गई। बुधवार से हवा की आर्द्रता में भी वृद्धि होने का अनुमान है।