Bihar Weather Update: बिहार में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर, पटना में बूंदाबांदी; छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बिहार में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर दिख रहा है, जिससे पटना समेत कई जिलों में बारिश हो रही है। ...और पढ़ें

पटना समेत 20 जिलों में येलो अलर्ट
HighLights
चक्रवाती तूफान अर्णब का बिहार में असर शुरू।
पटना सहित 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी।
छह जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
डिजिटल डेस्क, पटना। पटना में गुरुवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी के कई इलाकों में थोड़ी-थोड़ी बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है। बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखने लगा है।
मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें छह जिलों में ऑरेंज और 20 जिलों में येलो अलर्ट है।
चक्रवाती तूफान अर्नब से बिहार में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
राजधानी पटना में फिलहाल हल्की बारिश हो रही है। आने वाले घंटों में कुछ इलाकों में बारिश तेज होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
छह जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बिहार के छह जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर शामिल हैं।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। ऐसे में निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या बढ़ सकती है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
पटना समेत 20 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पटना समेत 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और मधुबनी शामिल हैं।
इसके अलावा दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गया में भी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में मौसम खराब होने के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी रह सकती है।
31 अक्टूबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में 31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है। 29 और 30 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
लगातार बारिश के कारण शहरी इलाकों में जलजमाव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, बारिश की तीव्रता अलग-अलग जिलों में अलग हो सकती है।
किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों को नुकसान की आशंका
चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बारिश और तेज हवा की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ केले, पपीते और अन्य पेड़-पौधों को नुकसान पहुंच सकता है।
जिन इलाकों में भारी बारिश होगी, वहां खेतों में पानी जमा होने से परेशानी बढ़ सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानियां बरतें।
बारिश से तापमान में गिरावट की उम्मीद
बिहार में बारिश से पहले गर्मी और उमस का असर बना हुआ था। 28 अक्टूबर को दरभंगा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, पटना में 32.9 डिग्री, भागलपुर में 31.3 डिग्री, पूर्णिया में 31.5 डिग्री और गया में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
अब बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- Bihar Weather Alert: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर, 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट; 50 KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
