विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में फिर बदलेगा मौसम: बंगाल की खाड़ी से आ रहा भयानक चक्रवाती तूफान, कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

Published: Sun, 25 Oct 2026 04:34 PM (IST)

बिहार में 28 अक्टूबर से मौसम में बड़ा बदलाव आएगा, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. 28 अक्टूबर से बिहार में मौसम में बड़ा बदलाव।

  2. बंगाल की खाड़ी में बन रहा तीव्र चक्रवाती तूफान।

  3. कई जिलों में भारी बारिश, आंधी, वज्रपात का अलर्ट।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन इसके बाद राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे तीव्र चक्रवाती तूफान के असर से 28 अक्टूबर से राज्य में आंधी, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।

29 और 30 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आहट

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य एवं दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब तीव्र होकर गहरे अवदाब में तब्दील हो रहा है।

इसके 27 अक्टूबर तक प्रचंड चक्रवाती तूफान और 28 अक्टूबर की सुबह तक अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान बनकर आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना है। इस मौसमी प्रणाली के असर से बिहार के वातावरण में नमी बढ़ेगी और गरज-तड़क के साथ व्यापक बारिश होगी।

कल कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 25 से 27 अक्टूबर तक राज्य भर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

वहीं, 28 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार (जैसे रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, पटना, गया, नालंदा, भागलपुर आदि) के जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं, 30 अक्टूबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज जिलों के लिए अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 4 दिनों तक राज्य में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन बारिश के प्रभाव से इसके बाद के 3 दिनों में अधिकतम पारे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

आगामी दिनों में अधिकतम तापमान लुढ़ककर 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे ठंड का असर भी बढ़ेगा।

पिछले 24 घंटे का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0°C (मोतिहारी, पूर्वी चंपारण) का दर्ज किया गया।

वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.0°C (डेहरी, रोहतास) दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 32.0°C और न्यूनतम 21.6°C दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- बिहार के मौसम में चक्रवात का असर, 17 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट; किसानों की बढ़ी चिंता