बिहार के मौसम में चक्रवात का असर, किसानों की मेहनत पर फिर सकता है पानी; येलो अलर्ट जारी
बिहार में बंगाल की खाड़ी से विकसित हो रहे चक्रवाती सिस्टम के कारण मौसम बदलेगा। 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आंधी-पानी, भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम विकसित हो रहा है।
27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक वर्षा की संभावना।
कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के मौसम का मिजाज बदलेगा। दिन की गर्मी और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच वर्षा दस्तक देगी। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती सिस्टम प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 28 अक्टूबर के आसपास आंध्रप्रदेश तट के पास इसके पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर से दक्षिण पश्चिम व दक्षिण मध्य बिहार में आंधी-पानी का सिलसिला आरंभ होगा। एक नवंबर तक प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि के आसार हैं।
प्रदेश के कुछ भागों में छिटपुट तो कहीं भारी और अतिभारी वर्षा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी है। इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रतिघंटा रह सकती है।
2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी
27-28 अक्टूबर के बीच भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, बांका, नवादा, जमुई, पटना, भागलपुर, शेखपुरा समेत अन्य जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ आंधी-पानी की संभावना है।
दो दिनों के दौरान 17 जिलों में मौसम में बदलाव के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी है। जबकि, पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में आंधी-पानी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
किसान भाइयों को सलाह
ऐसे में किसान भाईयों को सलाह दी गई है कि पकी हुई फसलों की कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें। शनिवार को पटना सहित 16 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस एवं 34.0 डिग्री सेल्सियस के साथ पूर्वी चंपारण का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
शनिवार को पटना सहित आसपास का मौसम शुष्क और सामान्य बने होने के साथ सुबह और रात्रि में हल्की ठंड का प्रभाव बना रहा। वहीं, पटना जिले के मोकामा में 22 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 32.0 | 22.7 |
| गया | 30.5 | 18.0 |
| भागलपुर | 31.0 | 20.7 |
| मुजफ्फरपुर | 29.8 | 22.5 |
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 32.0 22.7
गया 30.5 18.0
भागलपुर 31.0 20.7
मुजफ्फरपुर 29.8 22.5
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
