विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Weather: दिन में मीठी धूप से राहत, रात में पछिया हवा बढ़ाएगी ठिठुरन; जानें इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Mon, 09 Jan 2023 08:04 AM (IST)

मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में बर्फीली हवा का प्रवाह व उच्च दबाव का क्षेत्र बने होने के कारण ...और पढ़ें

Bihar Weather Update: खिलखिलाती धूप से खिलेंगे चेहरे, दिनभर ठंड से मिलेगी राहत; शाम ढलते ही बढ़ेगी ठिठुरन
Bihar Weather Update: खिलखिलाती धूप से खिलेंगे चेहरे, दिनभर ठंड से मिलेगी राहत; शाम ढलते ही बढ़ेगी ठिठुरन

पटना, जागरण संवाददाता। पिछले दो दिनों के बाद देर से ही सही, लेकिन रविवार को धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली है। हालांकि रात में सर्द पछिया हवा (Western Wind) के कारण ठंड का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को पटना (Patna Weather) सहित पूर्णिया (Purnia), मुजफ्फरपुर (Muzaffarur), दरभंगा (Darbhanga), सुपौल (Supaul) व मोतिहारी (Motihari) समेत प्रदेश के आसपास जगहों पर दिन में धूप निकली, लेकिन साथ में पछुआ हवा के कारण ठिठुरन भी रही। पटना का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में ऐसे ही दिन में राहत मिलेगी, लेकिन रात में ठंड का सितम जारी रहेगा। 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द भरी पछुआ हवा के कारण ठंड से निजात नहीं मिल रही है।

कोहरे का असर होगा कम

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी सुनील कुमार ने बताया कि मौसमी कारकों के कारण अभी कई दिनों तक रोज देर से धूप निकलेगी। धूप में गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी और ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट का अनुमान है। इससे रात में ठंड सताएगी। अभी पछुआ हवा तेज गति से चल रही है इसलिए कोहरे का असर कम होगा।

19 जिलों में सर्द दिन, 14 जिलों में शीतलहर की संभावना

मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में बर्फीली हवा का प्रवाह व उच्च दबाव का क्षेत्र बने होने के कारण अगले दो दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। प्रदेश के 19 जिलों में सर्द दिन (Cold Day) व पटना सहित 14 जिलों में शीतलहर (Cold Wave Alert) जैसे हालात बने रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 10 जनवरी के बाद मौसम में आंशिक सुधार की संभावना है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि होने से ठंड में आंशिक कमी की संभावना है।

गया में जम्मू से भी अधिक ठंड

एक तरफ जहां अन्य जिलों में धूप निकली तो गया (Gaya Weather Update) में रविवार को सबसे सर्द सुबह रही। इस सीजन का गया प्रदेश का सबसे अधिक ठंडा शहर रहा। यहां के न्यूनतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री की गिरावट के साथ 2.9 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू (Jammu Temprature) का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, औरंगाबाद का 4.3 व बांका का 4.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जम्मू की तुलना में प्रदेश के तीन शहर गया, औरंगाबाद और बांका सबसे ठंडे रहे।