Bihar Weather Update: बिहार में मानसून की विदाई के बाद बदला मौसम का मिजाज, सुबह-शाम ठंड की आहट
बिहार में मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंडक महसूस हो रही है, धीरे-धीरे ठंड बढ़ने की संभावना है।
-1792029481345_m.webp)
बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां कम होने के साथ आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने के कारण हल्की गर्मी का असर बना हुआ है। हालांकि पछुआ के कारण सुबह और रात्रि में सिहरन महसूस हो रही है।
मौसम में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से लोगों को मौसम के दो अलग-अलग रूप महसूस होंगे।
धीरे-धीरे ठंड की आहट तेज होने की संभावना
मानसून की विदाई के बाद वातावरण में नमी कम होने और आसमान साफ रहने से दिन में धूप का असर बना रह सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच धीरे-धीरे ठंड की आहट तेज होने की संभावना है। खासकर ग्रामीण इलाकों और खुले स्थानों पर सुबह-शाम ठंड का असर अपेक्षाकृत अधिक महसूस हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में 17-18 अक्टूबर को उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर बने हवा का चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बनने के प्रभाव से उत्तर भागों के कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा के आसार है।
बुधवार को पटना सहित 11 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस एवं 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। कैमूर के अधवारा में 35.6 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। पांच दिनों के दौरान तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 33.3 | 24.8 |
| गया | 31.8 | 22.8 |
| भागलपुर | 33.2 | 23.7 |
| मुजफ्फरपुर | 31.0 | 24.1 |
यह भी पढ़ें- Navratri 2026: पंचमी तिथि पर आज मां स्कंदमाता की पूजा, पटना के मंदिरों में उमड़ेगी भीड़
