Kal Ka Mausam: बिहार में फिर बदलेगा मौसम, 18 सितंबर को कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट; चलेंगी तेज हवाएं
कल का मौसम: बिहार में मॉनसून की गतिविधि सामान्य है, लेकिन मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बिहार कल का मौसम।
HighLights
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी किया।
जमुई, नवादा और सिवान में भारी बारिश की संभावना है।
वज्रपात और तेज हवाओं से बचने की सलाह दी गई।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में मॉनसून की गतिविधि फिलहाल सामान्य बनी हुई है, लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र पटना (IMD) ने आगामी दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
बीते 24 घंटों में राज्य के उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और मध्य भागों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है।
कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज 17 सितंबर को जमुई और नवादा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी दी गई है।
वहीं, कल 18 सितंबर को सिवान जिले में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों में तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) व बिजली चमकने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में तापमान और बारिश का हाल
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.3°C कैमूर (भभुआ) में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6°C गयाजी में रिकॉर्ड हुआ। अरवल जिले में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी/हवा दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में छौड़ाही में 58.6 मिमी, राजपुर में 53.2 मिमी, हयाघाट में 44.0 मिमी, बक्सर में 38.4 मिमी, बेतिया में 34.8 मिमी और मधेपुरा में 29.0 मिमी, अरवल: 20.5 मिमी, मोतिहारी में 17.1 मिमी और पटना में 10.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग की सलाह और सुरक्षा उपाय
मौसम विभाग ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बारिश और बिजली चमकने के समय खुले मैदानों, खेतों या जल निकायों के पास रहने से बचें और तुरंत किसी पक्के मकान की शरण लें।
