Bihar Weather: बिहार में प्रचंड गर्मी, 44 डिग्री तक पहुंचा पारा; 7 जिलों में बारिश की संभावना
Bihar Weather Today: मौसम विभाग के अनुसार, पटना सहित दक्षिणी बिहार में उमस भरी गर्मी रहेगी, जबकि उत्तरी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
-1777081635233_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पटना समेत दक्षिणी बिहार में उमस भरी गर्मी का असर।
उत्तरी बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना।
29 अप्रैल तक हल्की बारिश से तापमान में गिरावट, राहत।
जागरण संवाददाता, पटना। राज्य में समय से पूर्व मौसम ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में दो मौसमी परिस्थितियों के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित आसपास इलाकों का मौसम शुष्क और आंशिक बादल छाए रहने के साथ उमस वाली गर्मी का प्रभाव बना रहेगा। राज्य के दक्षिणी भागों के पटना सहित औरंगाबाद, गया, नवादा, एवं रोहतास जिले के एक या दो स्थानों पर गर्म और उमस भरा दिन रहने के आसार है।
उत्तरी भागों के अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी एवं सुपौल जिले के एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार है।
29 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा के कारण मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है।
लोगों को मिलेगी राहत
तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड तथा पश्चिमी बंगाल तक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होने के साथ मौसम में बदलाव की संभावना है।
अगले तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। शुक्रवार को पटना सहित आसपास का मौसम शुष्क और गर्म बना रहा। अरवल जिले में पछुआ हवा की गति 46 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई।
शुक्रवार पटना का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस एवं 44.0 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया। हवा में नमी की मात्रा में 82 प्रतिशत रहने से उमस का प्रभाव बना रहा।
शुक्रवार को पटना सहित वाल्मीकि नगर, जीरादेई, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, भागलपुर एवं सुपौल जिले के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पटना सहित गयाजी, छपरा, शेखपुरा, औरंगाबाद, राजगीर, भभुआ और जहानाबाद में 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर तापमान दर्ज किया गया।
छपरा का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री, शेखपुरा का 42.5 डिग्री, औरंगाबाद का 42.2 डिग्री, राजगीर का 40.9 डिग्री, भभुआ में 43.4 डिग्री एवं जहानाबाद में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 40.6 | 27.5 |
| गयाजी | 42.6 | 23.2 |
| भागलपुर | 37.8 | 26.1 |
| मुजफ्फरपुर | 36.0 | 26.7 |
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
यह भी पढ़ें- बिहार की राजधानी पटना समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।
