Bihar Weather Today: बिहार में 8 फरवरी से फिर बढ़ने वाली हैं मुश्किलें, मौसम विभाग के अनुमान ने बढ़ाई टेंशन
Bihar Weather बिहार में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 8 फरवरी से फिर से ठंड बढ़ने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम विक्षोभ हिमालय प पर्वतीय इलाकों को प्रभावित करेगा। इसके कारण उत्तरी भागों में मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत न होने के कारण जनवरी में शीत लहर की कमी देखी गई। कड़ाके की ठंड का अभाव रहा। तापमान भी सामान्य से ऊपर बने होने के कारण विशेष रूप से ठंड का प्रभाव नहीं पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार तापमान में क्रमिक वृद्धि का सिलसिला जारी है।
बदलेगा मौसम का मिजाज
तीन से चार दिनों के दौरान मौसम के तेवर में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आठ फरवरी के आसपास पश्चिम विक्षोभ हिमालय प पर्वतीय इलाकों को प्रभावित करेगा।
इसके कारण उत्तरी भागों से आने वाली सर्द हवा के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में थोड़ी गिरावट आने से ठंड में हल्की वृद्धि के आसार हैं। इस दौरान पटना समेत दक्षिणी भागों में कोहरे व आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तराई वाले इलाकों में घने कोहरे का प्रभाव देखा जा सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी
इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि प्रदेश में विशेष रूप से ठंड का प्रभाव नहीं पड़ेगा। मौसम विज्ञानी के अनुसार फरवरी में अधिकतम व न्यूनतम तापमान अपने सामान्य से ऊपर बना रहेगा। इस कारण ठंड का विशेष प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा।
बीते 5 दिनों में कैसा रहा पटना का तापमान
बीते पांच दिनों के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की वृद्धि हुई है। 30 जनवरी को पटना का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि सोमवार को 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, न्यूनतम तापमान 30 जनवरी को 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 9.5 डिग्री सेल्सियस के साथ पूसा (समस्तीपुर) व अगवानपुर (सहरसा) का न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। पटना समेत 17 शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। उत्तर पूर्व जिलों में हल्के कोहरे का प्रभाव बना रहा।
पटना समेत आसपास इलाकों में मौसम शुष्क बने होने के साथ धूप निकलने से ठंड का प्रभाव कम होने के कारण हल्की गर्मी का एहसास लोगों को हुआ।
पटना में मौसम साफ होने के बाद भी विमानों की लेटलतीफी जारी है। कोहरा हटने के साथ तापमान सामान्य होते ही विमानों के आगमन का समय भी सुबह साढ़े 10 के बजाय आठ बजे कर दिया गया है। इससे विमानों के परिचालन की संख्या भी बढ़ गई है।
मौसम साफ होने के बावजूद विमानों की लेटलतीफी जारी
देवघर और अहमदाबाद के लिए भी विमानों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। हालांकि, दूसरे शहरों के मौसम का प्रभाव पटना पर भी पड़ा। सोमवार को एआइ 897 दिल्ली-पटना 28 मिनट, 6ई 6382 हैदराबाद-पटना 27 मिनट, 6ई7944 देवघर-पटना एक घंटा 15 मिनट लेट से लैंड हुईं।
इसके अलावा आइएक्स2894 हैदराबाद-पटना एक घंटा 13 मिनट, एसजी-2141 दिल्ली-पटना तीन घंटे 12 मिनट, एआइ895 दिल्ली-पटना 22 मिनट और 6ई5173 मुंबई-पटना एक घंटा 17 मिनट विलंब से पटना एयरपोर्ट पर लैंड हुईं।
ये भी पढ़ें
Delhi Weather: दिल्ली में दिनभर छाए रहे बादल, नहीं हुई बारिश; आज सुबह बारिश होने का अनुमान
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।