Bihar Weather News: पटना समेत कई जिलों में हल्की वर्षा के आसार, वज्रपात की संभावना को देख अलर्ट
Bihar Weather Update बिहार में दो-तीन दिनों तक हल्की वर्षा और वज्रपात के आसार मौसम विभाग की ओर से जताए गए हैं। सोमवार को 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी प्रदेश का गर्म स्थान। 35.2 डिग्री सेल्सियस राजधानी का अधिकतम तापमान। गया के टिकारी में 14.4 मिमी वर्षा दर्ज।
पटना, जागरण संवाददाता। सावन की अंतिम सोमवारी पर मेघराज इंद्र देव ने भी देवाधिदेव का अभिषेक वर्षा जल से किया। उमस भरी गर्मी से बेहाल आमलोगों केा भी राहत मिली तो शिवभक्तों को भी यह बूंदें शीतलता प्रदान कर गई। दिनभर तो बादलों का उमड़ना-घुमड़ना जारी रहा। लेकिन सोमवार शाम राजधानी पटना समेत प्रदेश के सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, बांका, सीवान, भोजपुर , अरवल, औरंगाबाद समेत प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई।
पटना समेत कई जिलों में हल्की वर्षा का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के दक्षिणी भागों के पटना, बक्सर, भोजपुर, राेहतास, औरंगाबाद, भभुआ, अरवल, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय समेत अन्य जिलों के एक या दो स्थानों पर वज्रपात के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। इन जगहों पर हल्की वर्षा का भी पूर्वानुमान है। इन सभी मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञानी की मानें तो कुछ इसी प्रकार की स्थिति अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बने रहने के आसार है। सोमवार को गया जिले के अलग-अलग जगहों पर खूब वर्षा हुई। गया के टेकारी में 14.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी प्रदेश का गर्म स्थान रहा।
इन जिलों में हुई वर्षा
गया के टेकारी में 14.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं नवादा में 13.2, पूर्णिया में 12.7, औरंगाबाद में 12.4, बहादुरगंज में 6.2, रफीगंज में 5.8, नौहट्टा में 4.4, गया में 4.2, हिसुआ में 2.8, बोधगया में 2.8, बिहारशरीफ में 2.2, लखीसराय में 2.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
- पटना 35.2
- गया 34.4
- भागलपुर 36.6
- मुजफ्फरपुर 34.2
- औरंगाबाद 34.9
- नवादा 35.6
- नालंदा 34.8
- सारण 34.6
(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)