यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather: 31 जनवरी तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, घने कोहरे से भी होगी परेशानी; राजधानी और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 23 घंटे लेट
Bihar Ka Mausam पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं उत्तरी भागों ...और पढ़ें

HighLights
- बांका में 4.6 डिग्री तक गिरा तापमान, औरंगाबाद में सर्वाधिक 22.6 डिग्री रहा पारा
- 23 घंटे विलंबित रहीं राजधानी व संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेनें, विक्रमशिला 22 घंटे लेट
जागरण संवाददाता, पटना। राज्य में घने कोहरे का कहर 31 जनवरी तक जारी रहेगा। भीषण ठंड एवं घने कोहरे का असर जनजीवन पर व्यापक रूप से देखा जा रहा है। पटना में शनिवार को धूप निकलने पर ठंड से थोड़ी राहत मिली।
हालांकि, सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट आने से कड़ाके की ठंड ने फिर दस्तक दे दी है। शाम आठ बजते ही राजधानी के बाजारों में सन्नाटा पसर गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, रविवार को भी राज्य में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। घने कोहरे का प्रभाव ट्रेनों पर देखा जा रहा है।
शनिवार को बांका राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां पर न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य में सर्वाधिक 22.6 डिग्री तापमान औरंगाबाद में रिकार्ड किया गया। शनिवार को घना कोहरा पटना, गया, भागलपुर, जुमई, गोपालगंज, जीरादेई, पूसा, मोतिहारी में छाया रहा।
राजधानी में अभी छाया रहेगा कोहरा
शनिवार को राजधानी में भी घना कोहरा छाया रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, जबकि अधिकतम 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पटना में अभी आगे भी सुबह-शाम कोहरे का असर देखा जाएगा।
ऐसे में सुबह में पार्कों में टहलने वाले लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। भीषण ठंड का असर मानव जीवन पर पड़ सकता है। वर्तमान में खुले में ज्यादा देर तक रहना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
घने कोहरे से ट्रेनें प्रभावित
घने कोहरे का ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। शनिवार को राजधानी एवं संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 23 घंटे विलंबित रहीं।
वहीं विक्रमशिला एक्सप्रेस 22 घंटे, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस 14 घंटे, सीमांचल एक्सप्रेस 10 घंटे, श्रमजीवी एक्सप्रेस चार घंटा विलंब से चल रही हैं। रेल अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार के साथ ट्रेनों की गति में भी सुधार होगा।
