Kal Ka Mausam 22 September: बंगाल की खाड़ी में बन रहा डिप्रेशन, बिहार में फिर होगी मूसलाधार बारिश; IMD का अलर्ट
कल का मौसम: बिहार में मानसून की गतिविधियां धीमी होने के बावजूद, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है।
-1789985159852_m.webp)
बिहार कल का मौसम। (AI Generated Image)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव से बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव।
23 से 25 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट।
24 सितंबर के बाद तापमान में गिरावट संभव।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान मानसून की गतिविधियां धीमी रहीं और राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से सामान्य से शुष्क बना रहा।
हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आने वाले दिनों में राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 23 से 25 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों का हाल
विगत 24 घंटों में राज्य के पूर्वी भागों में कई स्थानों पर, मध्य भागों के कुछ स्थानों और दक्षिण-पश्चिम के एक-दो इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर-पश्चिम बिहार में मौसम शुष्क रहा।
पिछले 24 घंटे मे सर्वाधिक तापमान कैमूर (भभुआ) में (38.5°C) दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतास के डेहरी में (23.5°C) दर्ज हुआ। वहीं, किशनगंज जिले में 68 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। पिछले 24 घंटे में औरंगाबाद में (50.2 मिमी), हरनौत (41.8 मिमी) और बेलदौर (37.8 मिमी) बारिश दर्ज की गई।
कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 से 48 घंटों में डिप्रेशन और गहरे डिप्रेशन में बदल सकता है, जिससे बिहार के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और 30-40 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार कल 22 सितंबर मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में कुछ स्थानों पर वज्रपात और 30-40 किमी/घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 2-3 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, 24 सितंबर के बाद बारिश का दायरा बढ़ने से राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
