बिहार के गांवों में BharatNet से बढ़ेगी इंटरनेट की रफ्तार, घर-घर पहुंचेगा फाइबर कनेक्शन
बिहार के गांवों में अब पंचायत भवन से आगे बढ़कर हर घर तक इंटरनेट पहुंचाने की तैयारी है। संशोधित भारतनेट ...और पढ़ें

बिहार के गांवों में भारतनेट से बढ़ेगी इंटरनेट की रफ्तार, घर-घर पहुंचेगा फाइबर कनेक्शन (AI Generated Image)
HighLights
संशोधित भारतनेट योजना से गांवों में इंटरनेट का विस्तार होगा।
सरकारी संस्थानों और ग्रामीण घरों को मिलेगा सीधा फाइबर कनेक्शन।
99% नेटवर्क अपटाइम लक्ष्य, शिक्षा-सेवाओं में सुधार होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के गांवों में इंटरनेट की पहुंच अब पंचायत भवन तक सीमित नहीं रहेगी। केंद्र की संशोधित भारतनेट योजना के तहत गांवों में नेटवर्क मजबूत करने के साथ सरकारी संस्थानों और ग्रामीण परिवारों को सीधे फाइबर कनेक्शन से जोड़ने की तैयारी है।
इसके लिए राज्य सरकार और केंद्र के बीच पहले से हुए समझौते में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं। सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि वर्ष के अंत तक नेटवर्क विस्तार की कवायद शुरू हो जाएगी।
भारतनेट के नए स्वरूप में नेटवर्क को अधिक भरोसेमंद बनाने पर जोर है। करीब 99 प्रतिशत नेटवर्क अपटाइम का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आधुनिक तकनीक के साथ रिंग टोपोलॉजी अपनाई जाएगी।
नेटवर्क के किसी एक हिस्से में तकनीकी खराबी आने पर दूसरे रास्ते से इंटरनेट सेवा जारी रखने में मदद मिलेगी।
ग्राम पंचायत स्तर पर स्कूल, पुलिस थाना, आंगनबाड़ी, डाकघर, स्वास्थ्य केंद्र, सहकारी संस्थाओं और कृषि विज्ञान केंद्रों को फाइबर से जोड़ने की योजना है।
साथ ही फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) के माध्यम से व्यक्तिगत घरों तक इंटरनेट पहुंचाने पर जोर है। इससे गांव के लोगों को पढ़ाई, सरकारी सेवाओं, स्वास्थ्य और दूसरे आनलाइन कामों के लिए बेहतर इंटरनेट सुविधा मिल सकेगी।
