विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में घूसखोर इंजीनियर के लॉकर से निकला करोड़ों का सोना-हीरा, सीओ की बेटी के लॉकर में भी मिले लाखों के गहने

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:48 PM (GMT+05:30)

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने दो सरकारी अधिकारियों के बैंक लॉकरों से 1.45 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण जब्त किए हैं। 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने की कार्रवाई। (फाइल फोटो)

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने की कार्रवाई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. दो सरकारी अधिकारियों के बैंक लॉकरों की तलाशी ली गई।

  2. 1.45 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण जब्त।

  3. निगरानी ब्यूरो अब आभूषणों के स्रोत की जांच करेगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कर रहे निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने दो सरकारी अधिकारियों से जुड़े बैंक लॉकरों की तलाशी ली, जिसमें 1.45 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण मिले हैं।

इनमें हाजीपुर सदर के तत्कालीन अंचलाधिकारी (सीओ) अंजय कुमार राय की बेटी और मधुबनी पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा का लॉकर शामिल है।

आठ नवंबर को दीपावली के दिन पांच लाख रुपये रिश्वत लेते पटना स्थित आवास से गिरफ्तार किए गए अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा के लॉकर से 1,143 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत करीब 1.26 करोड़ रुपये है।

इसके अलावा 1.30 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण तथा 72 ग्राम चांदी के गहने भी मिले। उन पर सड़क निर्माण की दो योजनाओं के करीब 6.50 करोड़ रुपये के बकाये भुगतान के बदले 19.50 लाख रुपये कमीशन मांगने का आरोप है।

209.9 ग्राम सोने के आभूषण

वहीं, दूसरी कार्रवाई एसबीआई की अलंकार पैलेस, बोरिंग रोड शाखा में हुई। आरोपित सीओ अंजय कुमार राय की अविवाहित बेटी इशिका राय के खाते से जुड़े लॉकर को खोला गया।

इसमें 209.9 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत 16.55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 210 ग्राम चांदी के आभूषण और चांदी के 49 सिक्के भी बरामद हुए। इनकी कीमत क्रमश: 20,160 और 58,800 रुपये है।

निगरानी ब्यूरो अब बरामद आभूषणों की खरीद, उनके स्रोत और धन के लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगा। अधिकारियों और उनके परिजनों की आय तथा संपत्ति का भी मिलान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ढाई हजार कट्ठा जमीन, 28 करोड़ का प्लॉट और 73.50 लाख कैश; कुख्यात भू-माफिया भगत यादव निकला करोड़ों का मालिक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।