विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बसेंगे नए शहर, अर्बन डेवलपमेंट को मिलेगा 'अहमदाबाद' का विजन; इको-फ्रेंडली टाउनशिप की तैयारी

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:59 PM (IST)

बिहार सरकार ने नए और आधुनिक शहरों के विकास के लिए अहमदाबाद के सीईपीटी एडवाइजरी फाउंडेशन के साथ समझौता किया ...और पढ़ें

सीईपीटी बनाएगा बिहार के नए शहरों का विकास प्लान (AI Generated Image)

सीईपीटी बनाएगा बिहार के नए शहरों का विकास प्लान (AI Generated Image)

HighLights

  1. सीईपीटी के साथ तकनीकी सहायता इकाई स्थापित करने का समझौता।

  2. ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित विकास में मिलेगी मदद।

  3. भूमि उपयोग, आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी की योजना बनेगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में नए और आधुनिक शहरों के विकास की योजना को अब विशेषज्ञ तकनीकी सहयोग मिलेगा। नगर विकास एवं आवास विभाग ने अहमदाबाद के सेंटर फार इनवायरमेंट प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी एडवाइजरी फाउंडेशन (सीईपीटी) के साथ तकनीकी सहायता इकाई (टीएसयू) स्थापित करने के लिए समझौता किया है।

यह इकाई खास तौर पर प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित विकास में तकनीकी मदद करेगी। मंगलवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की मौजूदगी में यह समझौता हुआ।

विभाग के विशेष सचिव-सह-बिहार नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवल किशोर चौधरी और सीईपीटी एडवाइजरी फाउंडेशन के निदेशक दर्शन पारिख ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार भी इस दौरान मौजूद रहे।

भूमि उपयोग से लेकर आधारभूत ढांचे तक बनेगी योजना

सीईपीटी आधुनिक शहरी नियोजन में विभाग को तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा। इसमें भूमि उपयोग की योजना, स्थानिक विकास, आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी की योजना शामिल होगी। टाउनशिप के दीर्घकालिक और टिकाऊ विकास के लिए रणनीति भी तैयार की जाएगी।

डेटा के आधार पर होगा शहरी विकास

तकनीकी सहायता इकाई के माध्यम से शहरी विकास की योजना डेटा और वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर तैयार होगी। टाउनशिप में आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाएगा। नागरिकों की जरूरत के अनुरूप सड़क, कनेक्टिविटी और अन्य आधारभूत सुविधाओं की योजना बनाई जाएगी।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि समृद्ध बिहार के विजन के अनुरूप भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर नए शहरी क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। सीईपीटी जैसी विशेषज्ञ संस्था के साथ सहयोग से इन टाउनशिप को बेहतर तरीके से विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार में सुनियोजित, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। तकनीकी सहायता इकाई के जरिए ग्रीनफील्ड टाउनशिप को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और नागरिक-केंद्रित सेवाओं से युक्त विकसित शहरी क्षेत्र के रूप में आकार दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पाटलिपुत्र टाउनशिप बनेगी बिहार का नया आर्थिक हब, तैयार होगा मास्टर प्लान; 28 सितंबर तक प्रस्ताव

यह भी पढ़ें- Bihar Satellite Township: लैंड पूलिंग से अधिग्रहण तक, 12 सैटेलाइट टाउनशिप के लिए किसानों के सामने होंगे 4 विकल्प