विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में सख्त हुआ ट्रैफिक नियम, गाड़ियों पर बिना 'रिफ्लेक्टिव टेप' के नहीं मिलेगा फिटनेस सर्टिफिकेट

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:43 PM (GMT+05:30)

परिवहन विभाग ने ठंड और कोहरे में दुर्घटनाएं रोकने के लिए व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य किया है। इसके बिना फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं होगा, साथ ही निजी वाहनों के लिए भी जागरूकता फैलाई जा रही है।

बिना रिफ्लेक्टिव टेप वाहनों को नहीं मिलेगा फिटनेस प्रमाण पत्र (AI Generated Image)

बिना रिफ्लेक्टिव टेप वाहनों को नहीं मिलेगा फिटनेस प्रमाण पत्र (AI Generated Image)

HighLights

  1. व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाना अनिवार्य किया गया।

  2. निर्धारित मानक के बिना फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होगा जारी।

  3. ठंड में दुर्घटनाएं रोकने हेतु यह कदम उठाया गया है।

राज्य ब्यूरो, पटना। ठंड के मौसम में कोहरे के दौरान दुर्घटना की आशंका कम करने के लिए परिवहन विभाग ने व्यावसायिक वाहनों पर निर्धारित मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप एवं रियर मार्किंग टेप लगाना अनिवार्य किया है।

वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप नहीं होने अथवा निर्धारित मानक के अनुरूप न पाए जाने पर फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा।

सोमवार को राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन की अध्यक्षता में लीड एजेंसी, बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में इससे जुड़ा दिशा-निर्देश दिया गया।

बैठक में परिवहन विभाग, गृह विभाग, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं एनएचएआई के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य परिवहन आयुक्त ने कहा कि ठंड एवं कोहरे के दौरान व्यावसायिक वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाना अनिवार्य किया गया है। इसका सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।

इसके साथ निजी वाहनों में भी रिफ्लेक्टिव टेप का उपयोग किए जाने के लिए आमलोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग, रोड मार्किंग, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, फुट ओवरब्रिज एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यों में तेजी लाने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

ठंड में हुई दुर्घटनाओं में 3,438 की गई जान:

राज्य में पिछले साल 2025 में 12,615 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 10,349 लोगों की मृत्यु हुईं। ठंड के सीजन नवंबर से फरवरी तक 3,438 लोगों की जान सड़क दुर्घटना में गई।

राज्य परिवहन आयुक्त ने आमलोगों अपील की है कि ठंड के मौसम में कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।

वाहन की गति नियंत्रित रखें, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, फाग लाइट का उचित उपयोग करें तथा बिना आवश्यकता ओवरटेक करने से बचें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।