बिहार में ट्रैफिक चालान भरने का बदलेगा तरीका, 16 नवंबर से UPI एप से कर सकेंगे पेमेंट
बिहार में अब ट्रैफिक चालान का भुगतान गूगल पे, फोन पे और पेटीएम जैसे डिजिटल माध्यमों से किया जा सकेगा। ...और पढ़ें

अब यूपीआई से जमा कर सकेंगे चालान। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
16 नवंबर से डिजिटल माध्यमों से ट्रैफिक चालान भुगतान संभव।
गूगल पे, फोन पे, पेटीएम जैसे ऐप से घर बैठे सुविधा।
भारत बिल पेमेंट सिस्टम (BBPS) प्लेटफॉर्म का उपयोग होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में ट्रैफिक चालान जमा करना अब पहले से ज्यादा आसान होगा। वाहन मालिक 16 नवंबर से गूगल पे, फोन पे और पेटीएम जैसे डिजिटल पेमेंट एप के जरिए घर बैठे चालान की राशि जमा कर सकेंगे।
इसके लिए परिवहन विभाग भारत बिल पेमेंट सिस्टम (BBPS) प्लेटफॉर्म शुरू करने जा रहा है। इससे लोगों को चालान जमा करने के लिए किसी कार्यालय या निर्धारित पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एपीआई इंटीग्रेशन का काम पूरा
परिवहन विभाग में गुरुवार को इस प्लेटफार्म का डेमोस्ट्रेशन किया गया। विभाग के अनुसार, बीबीपीएस प्लेटफार्म को डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने के लिए एनआईसी के माध्यम से एपीआई इंटीग्रेशन का काम पूरा कर लिया गया है।
भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म की टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। इसे 16 नवंबर से लाइव करने की तैयारी है।
नई व्यवस्था से वाहन मालिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी प्रमुख डिजिटल पेमेंट एप या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से चालान का भुगतान कर सकेंगे।
लेन-देन में बढ़ेगी पारदर्शिता
इससे भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने, समय निकालने और लंबी प्रक्रिया से गुजरने की परेशानी कम होगी। साथ ही, ऑनलाइन भुगतान से लेन देन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य परिवहन सेवाओं को तकनीक आधारित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाना है।
राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि फिलहाल इस प्लेटफॉर्म पर ट्रैफिक चालान भुगतान की सुविधा मिलेगी। आगे परिवहन विभाग की अन्य भुगतान संबंधी सेवाओं को भी इससे जोड़ने की योजना है।