सरकार का एक साल: पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर बिहार की पहचान बनाने की पहल की आम लोगों ने की सराहना
बिहार सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। इन प्रयासों में धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, हेली-टूरिज्म और छठ महापर्व जैसे आयोजनों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना शामिल है, जिससे राज्य की पहचान वैश्विक मानचित्र पर बन रही है।

बिहार में एनडीए सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा
HighLights
पर्यटन अवसंरचना विकास हेतु 5,000 करोड़ रुपये की गारंटी।
हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा योजना का शुभारंभ।
छठ महापर्व पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और वाटर शो।
डिजिटल टीम, पटना। पर्यटन किसी भी राज्य की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पहचान को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह देश-विदेश के लोगों को राज्य की समृद्ध विरासत, परंपराओं और जीवनशैली से जोड़ता है। इसी सोच के साथ बिहार सरकार ने पर्यटन अवसंरचना के विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्याकरण और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।
एनडीए सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा
बिहार में एनडीए सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इस दौरान राज्य में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए और विकास से जुड़े अनेक कार्य किए गए। इनमें पर्यटन क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सरकार ने राज्य की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए पर्यटन को रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का प्रमुख माध्यम बनाने पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पर्यटन अवसंरचना के विकास के लिए 5,000 करोड़ रुपये के ऋण पर राज्य सरकार की गारंटी देने से लेकर प्रमुख धार्मिक स्थलों के कॉरिडोर विकास, हेली टूरिज्म, रोपवे और होमस्टे जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। इन पहलों से बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
छठ महापर्व के भव्य आयोजनों से निखरी बिहार की छवि
पटना के स्थानीय निवासी शांतनु बताते हैं कि, “बिहार सरकार ने छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। पहली बार पटना के दीघा घाट पर सरकार की ओर से 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, भव्य लेजर और वाटर शो का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने पारंपरिक आस्था और भक्ति को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।”
लोक आस्था के महापर्व छठ 2026 के सफल, सुरक्षित और भव्य आयोजन के लिए बिहार सरकार ने इस बार विशेष प्रशासनिक पहल की। बिहार की सांस्कृतिक पहचान और लोकआस्था का प्रतीक छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का भी पर्व है। सरकार की इन व्यवस्थाओं से छठ की गौरवशाली परंपरा को सम्मान मिला और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
पर्यटन के क्षेत्र में नई पहल
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने 'बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत आम लोगों और पर्यटकों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से राजधानी पटना और बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की हवाई यात्रा का अवसर मिल रहा है। इसके जरिए पर्यटक पटना शहर का विहंगम दृश्य देख पा रहे हैं। यह पहल बिहार के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हेली टूरिज्म सेवाओं के साथ-साथ राजगीर, वाल्मीकिनगर, मां मुंडेश्वरी धाम, केसरिया स्तूप, सुल्तानगंज और मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच बेहतर बनाने के लिए भी पहल की जा रही है। इसके अलावा बोधगया, राजगीर, वैशाली, नालंदा, गयाजी, वाल्मीकिनगर और पटना साहिब जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम किया जा रहा है।
अजगैबीनाथ धाम में धार्मिक पर्यटन का विकास
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में गंगा तट पर स्थित बाबा अजगैबीनाथ धाम भगवान शिव को समर्पित बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों में से एक है। विशेष रूप से श्रावणी मेले के दौरान यहां देशभर से लाखों कांवरिये जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
हाल ही में बाबा धाम की यात्रा कर चुके राकेश झा बताते हैं कि, “बिहार सरकार की ओर से इस पावन धाम के सौंदर्याकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, श्रद्धालुओं के आवागमन और पर्यटन सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों से अजगैबीनाथ धाम को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।”
माता जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम का विकास
मिथिला की पावन धरती पर स्थित माता सीता की जन्मस्थली पुनौराधाम को एक भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। बिहार सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत भव्य मां जानकी मंदिर का निर्माण, मंदिर परिसर का सौंदर्याकरण और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
फोटोग्राफर और सीतामढ़ी निवासी विशाल बताते हैं कि, “राम मंदिर की तरह ही सीता मंदिर के लिए सरकार का प्रयास सराहनीय है। यह पहल मिथिला की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
हरिहरनाथ मंदिर: आस्था और विरासत का संरक्षण
सारण जिले के सोनपुर में स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर भगवान शिव और विष्णु के संयुक्त स्वरूप को समर्पित है। यह मंदिर बिहार की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक प्रमुख केंद्र है। बिहार सरकार की ओर से इस पावन स्थल के विकास, संरक्षण, सौंदर्याकरण और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से बाबा हरिहरनाथ मंदिर की ऐतिहासिक पहचान और आध्यात्मिक महत्ता को नई ऊंचाई मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।