विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में निवेश और रोजगार बढ़ाने पर फोकस, हर 30-45 दिन पर उद्योग संगठनों के साथ बैठक करेगी सरकार

Published: Sat, 20 Jun 2026 04:44 PM (IST)

बिहार सरकार ने औद्योगिक विकास और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल बनाने हेतु उद्योग संगठनों के साथ हर 30-45 दिन पर नियमित बैठकें करने का निर्णय लिया है।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने की बैठक की अध्यक्षता

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने की बैठक की अध्यक्षता

HighLights

  1. नियमित बैठकें औद्योगिक विकास और निवेश को गति देंगी।

  2. उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की।

  3. निवेश बढ़ने से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग और प्रमुख उद्योग संगठनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों पर अब हर 30 से 45 दिनों के अंतराल पर नियमित बैठक होगी।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने की बैठक की अध्यक्षता

बैठक की अध्यक्षता बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने की। वहीं उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक बियाडा एवं आयडा कुंदन कुमार ने बैठक का संचालन किया। प्रारंभ में उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।

उद्योग संगठनों ने रखीं अपनी मांगें और सुझाव

बैठक में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उद्योगों के सामने मौजूद चुनौतियों, निवेश प्रोत्साहन, आधारभूत ढांचे के विकास और नीतिगत सुधारों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उद्योग-अनुकूल माहौल बनाने पर जोर

उद्योग संगठनों ने निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े कई सुझाव एवं फीडबैक सरकार के समक्ष रखे। विभाग ने इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने और उद्योगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाने का भरोसा दिया।

नियमित संवाद से होगा समस्याओं का त्वरित समाधान

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए सक्षम, प्रतिस्पर्धी और उद्योग-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नियमित बैठकों के माध्यम से उद्योग जगत की समस्याओं का तेजी से समाधान होगा और नीतिगत सुधारों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि विभाग निवेशकों को पारदर्शी, समयबद्ध और सुगम सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

उद्योग संगठनों के साथ नियमित संवाद से निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे राज्य में नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।