बिहार के शिक्षकों पर फिर बढ़ी सख्ती, जींस-टीशर्ट पहनने पर सस्पेंड; अब मोबाइल चलाने और बैठने पर भी पाबंदी
बिहार में शिक्षकों पर फिर से सख्ती बढ़ाई गई है, जिसमें जींस-टीशर्ट पहनने पर पाबंदी, मिड-डे मील चखने और मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक जैसे नए नियम शामिल हैं।

बिहार के शिक्षकों पर फिर बढ़ी सख्ती (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
शिक्षकों को स्कूल में जींस-टीशर्ट पहनने पर सख्त पाबंदी लगाई गई।
मिड-डे मील चखकर उसकी गुणवत्ता की रिपोर्ट देना अनिवार्य किया।
विद्यालय अवधि के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध।
राज्य ब्यूरो, पटना। पढ़ाने-लिखाने से इतर इन दिनों फिर से मास्टर साहबों को व्यवहार बदलने से जुड़ी हिदायतों की अधिसूचनाएं लगातार मिल रही। दिलचस्प बात यह है कि कुछ हिदायतें पूर्व में भी मिलीं थी पर अनुपालन के लिहाज से अस्तित्व में नहीं आ सकीं। अब फिर से नए अंदाज में इस तरह की सूचनाएं शिक्षा विभाग के स्तर पर जारी हो रहीं।
जिस समय केके पाठक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव हुआ करते थे उस समय उन्होंने यह आदेश दिया था कि शिक्षक जब विद्यालय में पढ़ाने आएंगे तो टी शर्ट और जींस में नहीं आएंगे। इस आदेश का अनुपालन जब तक होता तब तक केके पाठक शिक्षा विभाग से निकल गए।
इधर पिछले महीने फिर से शिक्षकों के लिए यह आदेश जारी हुआ कि उन्हें जींस और टी शर्ट में विद्यालय नहीं आना है। दिलचस्प यह रहा कि इस आदेश के दो-तीन दिनों के भीतर ही एक जिले में एक शिक्षक को इस आरोप में निलंबित कर दिया गया कि वह विद्यालय में जींस पहन कर आए थे।
मिड डे मील को चखने का आदेश
अभी हाल ही में मध्य विद्यालय के शिक्षकों के लिए एक रोचक निर्देश यह आया कि उन्हें मिड डे मील को चखना है। इसके बाद उन्हें एक रिपोर्ट तैयार करनी है कि बच्चों के लिए जो मिड डे मील तैयार हुआ वह खाने लायक है।
पूर्व में यह व्यवस्था रही है पर आदेश में नवीनता यह थी कि शिक्षक यह रिपोर्ट तैयार करेंगे के मिड डे मील खाने लायक है। इस रिपोर्ट को विद्यालय में संभाल कर रखना है। किसी भी दिन इसकी जांच हो सकती है।
विद्यालय अवधि में मोबाइल से दूरी
एक अन्य आदेश मोबाइल फोन को लेकर है। सरकार की योजना बच्चों के मोबाइल टाइम को कम करने की जरूर है पर अब इसकी परिधि में मास्टर साहब आ गए हैं।
मास्टर साहब को विद्यालय अवधि में अपने मोबाइल से दूरी बनाकर रखनी है। यह हिदायत भी है कि विद्यालय में उन्हें किस तरह से खड़े होकर पढ़ाना है।
छोटी-छोटी बातों की हिदायतें हैं। एक निर्देश बच्चों को दिए जाने वाले होम वर्क को लेकर है। होम वर्क बच्चे ने किया या नहीं और अगर किया तो पूरा किया या नहीं इस बारे में शिक्षकों को बच्चों के अभिभावकों से बात करनी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।