प्रेमजाल, मंदिर में शादी और फिर इनकार... पटना में लेडी टीचर ने की आत्महत्या, प्रिंसिपल गिरफ्तार
बिहटा में एक निजी स्कूल के प्राचार्य पर 23 वर्षीय शिक्षिका को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने और फिर शादी से मुकरने का आरोप है।

पटना में शिक्षिका ने की आत्महत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
प्राचार्य ने शिक्षिका को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण किया।
शादी से मुकरने पर 23 वर्षीय शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने आरोपी स्कूल प्राचार्य को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, बिहटा। एक निजी स्कूल के शादीशुदा प्राचार्य द्वारा प्रेमजाल में फंसाकर एक युवा शिक्षिका के साथ किए गए कथित विश्वासघात का मामला सामने आया है।
आरोप है कि निजी स्कूल के प्राचार्य ने एक शिक्षिका से झूठे प्रेम का नाटक रचकर सालों तक उसका शारीरिक और यौन शोषण किया, और फिर मन भरने के बाद पत्नी का दर्जा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद 23 साल की शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है और गहन जांच में जुट गई है।
पारिवारिक जिम्मेदारी उठाने के लिए बनी थी शिक्षिका
बताया जाता है कि मृतका के पिता की पहली पत्नी से एक बेटी और एक बेटा था। पहली पत्नी के आकस्मिक निधन के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली थी।
दूसरी शादी के बाद वे प्राइवेट नौकरी करने बिहार से बाहर चले गए, जिसके कारण घर में केवल बेटी और बेटा रह गए। घर का खर्च वहन करने के लिए बेटी बिहटा स्थित एक स्कूल में बच्चों को पढ़ाने लगी थी।
बीते तीन सालों से शिक्षिका के रूप में वहां कार्यरत रहने के दौरान स्कूल के संचालक सह शादीशुदा प्राचार्य ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।
बताया गया है कि उसने मंदिर में जाकर पूनम से विवाह किया और शारीरिक संबंध बनाए। महीनों तक संबंध बनाने के बाद जब शिक्षिका ने पत्नी का हक मांगा, तो प्राचार्य अचानक मुकर गया, जिसका सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पाई।
प्राचार्य ने पहले मंदिर में विवाह रचाया, फिर मुकरा:
आरोप है कि प्राचार्य ने पहले शिक्षिका को प्रेमजाल में फंसाया, फिर मंदिर में शादी कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महीनों बाद जब युवती ने पत्नी का हक मांगा तो आरोपी ने विवाह को ही अमान्य बताकर इनकार कर दिया।
दो दिन पूर्व लगाई थी थाने में गुहार, फिर कर ली आत्महत्या:
इस धोखे से मर्माहत युवती ने 21 नवम्बर को बिहटा थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस घटना की जांच करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
सोमवार को मृतका की मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान दर्ज होना था। इसे लेकर जब पुलिस उसके घर पहुंची, तो देखा कि शिक्षिका ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
युवती के भाई का आरोप है कि प्राचार्य के धोखे और लगातार मिल रही मानसिक प्रताड़ना के कारण ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
डीएसपी का बयान:
इस मामले पर दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि बीते 21 नवंबर को बिहटा के प्राइवेट स्कूल की 23 वर्षीय शिक्षिका ने स्कूल संचालक पर तीन साल तक शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया था।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संचालक को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था। इस मामले में सोमवार को महिला की मेडिकल जांच होनी थी और कोर्ट में बयान दर्ज होना था।
इसे लेकर जब पुलिस की टीम उसके घर पहुंची तो देखा कि उसने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद एफएसएल (FSL) टीम को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।