Bihar Teacher News: 122 शिक्षकों की खतरे में नौकरी, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती
Bihar Teacher News निगरानी जांच के लिए शिक्षा विभाग के पोर्टल पर सर्टिफिकेट अपलोड नहीं करने वाले सवान के 122 शिक्षकों की नौकरी खतरे में है। निगरानी जांच के लिए इनके प्रमाण पत्रों का फोल्डर तय तिथि तक अपलोड नहीं हो पाया है।
संसू, मैरवा (सिवान) : निगरानी जांच के लिए शिक्षा विभाग के पोर्टल पर सर्टिफिकेट अपलोड नहीं करने वाले सिवान के 122 शिक्षकों की नौकरी खतरे में है। निगरानी जांच के लिए इनके प्रमाण पत्रों का फोल्डर तय तिथि तक अपलोड नहीं हो पाया है। इसके कारण भले जो भी हो लेकिन प्रमाण पत्र अपलोड नहीं करने वाले शिक्षक फिलहाल चर्चाओं में हैं। शिक्षा विभाग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अंतिम तिथि तक जो भी शिक्षक अपना प्रमाण पत्र अपलोड नहीं करेंगे उनकी नौकरी जा सकती है। ऐसे शिक्षकों से वेतन की राशि की वसूली भी होगी। अब जिले के वैसे शिक्षक जिन्होंने प्रमाण पत्र अपलोड नहीं किया है वे विभाग की तरफ टकटकी लगाए बैठे हैं। विभाग उनके प्रति क्या रुख अपनाता है यह तो आने वाला समय बताएगा।
हालांकि कुछ शिक्षक संगठनों ने प्रमाण पत्र अपलोड करने से छूट गए शिक्षकों को एक और मौका देने की मांग की है। बताया जा रहा है कि प्रमाण पत्र अपलोड करते समय कई शिक्षकों से कुछ त्रुटि भी हो गई थी। वे गलती सुधार के लिए मौका देने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि जिले में 10635 शिक्षकों को अपना शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों का फोल्डर निगरानी जांच के लिए 21 जून से 20 जुलाई तक पोर्टल पर अपलोड करना था। अंतिम तिथि तक 10515 शिक्षकों ने अपना प्रमाणपत्र अपलोड किया। पोर्टल पर 122 शिक्षकों के नाम के सामने नो अप्लाएड दिख रहा है। इनमें 62 पंचायत शिक्षक, 57 प्रखंड शिक्षक , दो नगर परिषद शिक्षक और एक नगर पंचायत शिक्षक शामिल हैं। कुछ शिक्षकों का कहना है कि जारी की गई सूची में इपीएफ नंबर/ नाम समेत शिक्षक से संबंधित कुछ सूचनाएं गलत अंकित होने के कारण प्रमाण पत्र अपलोड करने के बावजूद पोर्टल पर अपलोड नहीं दिख रहा है।
प्रखंडवार फोल्डर अपलोड होने का विवरण :-
क्र. प्रखंड अपलोड लक्ष्य अपलोड वंचित
1. आंदर 432 428 4
2. बड़हरिया 819 815 4
3. बसंतपुर 398 926 6
4. भगवानपुर 840 824 16
5. दरौली 883 571 12
6. दारौंदा 651 649 2
7. गोरेयाकोठी 779 779 0
8. गुठनी 378 374 4
9. हसनपुरा 515 509 6
10. हुसैनगंज 529 524 5
11. लकड़ी नवीगंज 416 407 9
12. महाराजगंज 630 228 2
13. मैरवा 286 282 4
14. नौतन 330 331 9
15. पचरुखी 600 592 8
16. रघुनाथपुर 553 549 4
17. सिसवन 601 592 9
18. सिवान 730 716 14
19. जीरादेई 565 561 4
कुल 10635 10515 122