बिहार के होनहारों के पास लैपटॉप जीतने का मौका, 24 से 26 नवंबर तक होगी गणित-विज्ञान की परीक्षा; पूरा पैटर्न यहां समझे
बिहार सरकार कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्रों के लिए गणित और विज्ञान में राज्यस्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित कर रही है। इसमें सफल छात्रों को लैपटॉप, नकद पुरस्कार और मेडल मिलेंगे, जिसकी ऑनलाइन परीक्षा 24 से 26 नवंबर तक होगी।

कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
HighLights
कक्षा 6-12 के छात्रों के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता।
गणित और विज्ञान में प्रतिभा दिखाने का अवसर।
विजेताओं को लैपटॉप, नकद पुरस्कार और मेडल।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Talent Search Exam 2026: बिहार के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का शानदार मौका है। अगर आप भी गणित और विज्ञान में रुचि रखते हैं तो यह परीक्षा आपके लिए खास हो सकती है।
बिहार सरकार की ओर से कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए राज्यस्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। खास बात यह है कि इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, मेडल, प्रशस्ति-पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। परीक्षा 24 से 26 नवंबर तक ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी। ऐसे में विद्यार्थियों के पास तैयारी को अंतिम रूप देने का समय है।
कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा मौका, दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं
बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से दो प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 'श्रीनिवास रामानुजन टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स-2026' और 'सर सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस-2027' शामिल हैं।
इन परीक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को पहचानना है। बिहार के सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।
24 से 26 नवंबर तक ऑनलाइन परीक्षा, हर जिले में बनाए जाएंगे केंद्र
बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (बीसीएसटी), पटना के तत्वावधान में आयोजित होने वाली दोनों परीक्षाएं 24 से 26 नवंबर तक ऑनलाइन मोड में होंगी।
इसके लिए बिहार के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों और राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में विद्यार्थियों को परीक्षा देनी होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख और समय पर अपने आवंटित केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। हालांकि, जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीखों में बदलाव भी किया जा सकता है।
22 नवंबर तक डाउनलोड कर लें एडमिट कार्ड, चूक गए तो हो सकती है परेशानी
परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए एडमिट कार्ड जरूरी होगा। विभाग के निदेशक मनोरंजन कुमार ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है।
निर्देश के अनुसार, अभ्यर्थियों को 22 नवंबर तक विभाग की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा। विद्यार्थियों को सलाह है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र और अन्य जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें।
घर बैठे मॉक टेस्ट से कर सकेंगे तैयारी, वेबसाइट पर मिलेगा लिंक
परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को ऑनलाइन टेस्ट का अभ्यास करने का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए बीसीएसटी की आधिकारिक वेबसाइट पर मॉक टेस्ट का लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी, डेमो लिंक और वास्तविक परीक्षा का लिंक इन वेबसाइटों पर उपलब्ध रहेगा: बीसीएसटी की वेबसाइट: https://bcstpatna.bihar.gov.in
विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग: https://state.bihar.gov.in/dst/CitizenHome.html मॉक टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया समझ सकेंगे और वास्तविक परीक्षा से पहले अभ्यास कर पाएंगे।
25 सवालों का होगा पेपर, हर सही जवाब पर मिलेंगे चार अंक
गणित और विज्ञान की परीक्षा के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र में कुल 25 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा का कुल अंक 100 होगा।
अंक देने का तरीका भी विद्यार्थियों के लिए जानना जरूरी है। हर सही उत्तर पर चार अंक मिलेंगे, जबकि गलत जवाब देने पर एक अंक काट लिया जाएगा। दोनों विषयों के प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होंगे।
टॉपर्स को लैपटॉप, मेडल और प्रशस्ति-पत्र से किया जाएगा सम्मानित
इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण इसमें मिलने वाले पुरस्कार हैं। राज्य स्तर पर प्रत्येक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
यानी गणित और विज्ञान दोनों प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बड़ा पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तर पर भी मिलेगा नकद इनाम, तीसरे से दसवें स्थान तक के विद्यार्थी होंगे सम्मानित
सिर्फ राज्य स्तर पर ही नहीं, जिला स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को पांच हजार रुपये और द्वितीय स्थान पाने वाले विद्यार्थी को तीन हजार रुपये दिए जाएंगे।
इन दोनों विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र भी मिलेगा। वहीं, जिला स्तर पर तीसरे से दसवें स्थान तक आने वाले विद्यार्थियों को भी जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।