बिहार से दिल्ली और बंगाल तक फैला था ऑनलाइन सट्टेबाजी का जाल, पटना समेत 14 ठिकानों पर STF की रेड
बिहार एसटीएफ ने पांच राज्यों में फैले ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें 38 लोगों को हिरासत ...और पढ़ें

आनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपित एवं बरामद कैश एवं अन्य सामान। सौ-एसटीएफ
HighLights
बिहार एसटीएफ ने पांच राज्यों के 14 ठिकानों पर की छापेमारी।
मुख्य सरगना सहित 38 लोग हिरासत में, ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़।
22 लाख नकद, 500 ग्राम सोना और कई उपकरण बरामद।
राज्य ब्यूरो, पटना। अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय स्तर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित करने वाले संगठित गिरोह के विरुद्ध बिहार एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है।
बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के पांच राज्यों में 14 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना सहित 38 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
STF, साइबर थाना और स्थानीय पुलिस की टीम ने की रेड
कार्रवाई बिहार एसटीएफ, साइबर थाना पटना और संबंधित स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की। साइबर थाना पटना में दर्ज कांड संख्या 1529/26 के तहत बुधवार को की गई छापेमारी में गिरोह के नेटवर्क से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली गई।
इस दौरान 100 से अधिक मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, 22 लाख रुपये नकद, 200 से अधिक एटीएम कार्ड और करीब 500 ग्राम सोना बरामद किया गया है।

बैंक खाते की डिटेल और दस्तावेज बरामद
इसके अलावा सैकड़ों बैंक खातों से संबंधित विवरण और दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं। कार्रवाई अभी जारी है। पटना में राजा बाजार, बोरिंग रोड समेत अन्य जगहों पर छापेमारी चल रही है।
बोरिंग रोड स्थित मेरिडियन एनक्लेव अपार्टमेंट में छापेमारी STF और पटना पुलिस ने धावा बोला। यहां साइबर कैफे चलाने वाले मोनू और कुणाल के घर रेड की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, साइबर पुलिस को इनपुट मिला था कि इन इलाकों के अपार्टमेंट्स में छिपकर शातिर ठगों द्वारा अवैध नेटवर्क चलाया जा रहा है।
इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी, बोरिंग रोड की मोंटेसरी लेन स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट, और पत्रकार नगर के सांई कुसुम इन्फिनिटी अपार्टमेंट में एक साथ दबिश दी।
इन तीनों स्थानों पर एसडीपीओ रैंक के अधिकारियों के नेतृत्व में 30 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। खास बात यह है कि पत्रकार नगर स्थित जिस 'कुसुम इन्फिनिटी' में रेड चल रही है, उसका कनेक्शन पूर्व में झारखंड स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले से जुड़ा रहा है और वहां एनआईए की भी छापेमारी हो चुकी है।
पुलिस की इस अब तक की कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। साथ ही, मौके से करीब 30 से 32 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही इस पूरे सिंडिकेट और खुलासों से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।