पटना और राजगीर में सजेगा खेलों का महाकुंभ, 24 खेल विधाओं में जुटेंगे 5,500 खिलाड़ी
बिहार राज्य खेल – 2026 का आयोजन 1-10 दिसंबर तक पटना और राजगीर में होगा, जिसमें 24 खेल विधाओं में 5,500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा की गई, जिसमें सुरक्षा, चिकित्सा और सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया।

HighLights
बिहार राज्य खेल 1-10 दिसंबर तक पटना-राजगीर में आयोजित।
24 खेल विधाओं में 5,500 खिलाड़ी लेंगे भाग।
सुरक्षा, चिकित्सा, सुविधाओं पर मुख्य सचिव का निर्देश।
डिजिटल डेस्क, पटना। राज्य में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आगामी 1-10 दिसंबर तक पटना एवं राजगीर (नालंदा) के विभिन्न खेल मैदानों में ‘बिहार राज्य खेल – 2026’ का आयोजन होगा। समारोह का उद्घाटन 2 दिसंबर शाम 5 बजे पटना स्थित गांधी मैदान में किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उन्होंने गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक तथा पटना और नालंदा के जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को समारोह तथा सभी खेल व आवासन स्थलों पर पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है। साथ ही, पटना के यातायात पुलिस अधीक्षक को विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने कहा।
मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को सभी खेल मैदानों और आवासन स्थलों पर मेडिकल डेस्क, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाएं आदि की व्यवस्था करने कहा है। साथ ही सभी स्थलों पर स्वच्छ पेयजल और आवश्यकतानुसार वाटर एटीएम बूथ लगाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्टेडियमों, आवास परिसरों और सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटिंग और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने कहा। वहीं शिक्षा विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, राज्य खेल अकादमी सहित अन्य विभागों को खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी पदाधिकारियों की समय पर प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। और खेल उपकरण उपलब्ध कराने कहा है।
इस महाकुंभ में राज्य के विभिन्न जिलों से 24 खेल विधाओं में कुल 5,500 खिलाड़ी, 750 तकनीकी पदाधिकारी एवं 750 स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। प्रमुख आयोजन स्थल पाटलिपुत्र खेल परिसर (कंकड़बाग), खेल भवन-सह-व्यायामशाला (राजेन्द्र नगर), गंगा पथ, सचिवालय स्पोर्ट्स क्लब, शूटिंग रेंज बिक्रम तथा यंगमैन्स इंस्टीच्यूट होंगे। वहीं नालंदा में राज्य खेल अकादमी (राजगीर) और कल्याण बिगहा शूटिंग रेंज में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बैठक में खेल विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पटना एवं नालंदा जिला के पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक अन्य ने भाग लिया।