विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिस्टल की जगह बल्ला आया तो मैदान में मच गया धमाल, गोल्ड मेडलिस्ट श्रेयसी सिंह के लंबे शाट्स देख गूंज उठे तालियों के शोर

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:23 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 21 Nov 2026 10:03 PM (GMT+05:30)

बिहार की खेल मंत्री और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने सारण क्रिकेट लीग के उद्घाटन समारोह में क्रिकेट खेला और आकर्षक शॉट लगाए। राजीव प्रताप रूडी की पहल पर शुरू हुई इस लीग का उद्देश्य युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

शूटर श्रेयसी सिंह ने बल्ले से दिखाए अपने हाथ

शूटर श्रेयसी सिंह ने बल्ले से दिखाए अपने हाथ

HighLights

  1. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सारण क्रिकेट लीग में क्रिकेट खेला।

  2. राजीव प्रताप रूडी ने सारण क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया।

  3. लीग का उद्देश्य युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देना है।

जागरण संवाददाता, पटना।  निशाना लगाने में माहिर हाथ जब बल्ला थामकर क्रिकेट के मैदान में उतरे, तो नजारा देखने लायक हो गया। आमतौर पर शूटिंग रेंज में एकाग्रता के साथ अचूक निशाना साधने वालीं अंतरराष्ट्रीय शूटर और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह शनिवार को बिल्कुल नए अंदाज में दिखीं।

राजधानी के ऊर्जा स्टेडियम में सारण क्रिकेट लीग (एससीएल) के उद्घाटन के बाद उन्होंने पिच पर उतरकर बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से निकले लंबे शाट्स ने मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।

पिस्टल की जगह बल्ला थामा, मैदान पर दिखाया दम

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं श्रेयसी सिंह ने क्रिकेट के मैदान पर भी पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। गेंदों की सटीक टाइमिंग और शानदार शाट्स ने उनके खेल के प्रति उत्साह को प्रदर्शित किया।

जैसे ही गेंद बल्ले से टकराकर दूर गई, स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शूटिंग में अपनी पहचान बना चुकीं श्रेयसी का यह अंदाज दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।

दिग्गजों की मौजूदगी में सारण क्रिकेट लीग का आगाज

सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर आयोजित प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक छोटी कुमारी, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और सुप्रसिद्ध अभिनेता व गायक अरुण बख्शी ने संयुक्त रूप से किया। राजनीति, प्रशासन और कला जगत की हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।

युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि सारण क्रिकेट लीग की शुरुआत उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। ऐसे आयोजन बिहार में स्वस्थ खेल संस्कृति को नई दिशा देंगे।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। साथ ही सांसद राजीव प्रताप रूडी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देते हैं।

ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं को मिलेगी नई पहचान

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन से गांवों और कस्बों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता को युवाओं के लिए अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। आयोजकों के अनुसार, लीग का मुख्य उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में मौजूद क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

चैरिटी मैच में रेवेन्यू रेंजर्स ने मारी बाजी

उद्घाटन समारोह के बाद चैरिटी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इसमें जीएसटी अधिकारियों की टीम 'रेवेन्यू रेंजर्स' और मीडिया टीम के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मैच में रेवेन्यू रेंजर्स की टीम ने जीत दर्ज की। मुकाबले ने समारोह में मौजूद दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया।

1.26 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, राष्ट्रीय पहचान का लक्ष्य

आयोजकों ने बताया कि सारण क्रिकेट लीग में कुल एक लाख 26 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रतियोगिता का मकसद केवल क्रिकेट मैच आयोजित करना नहीं, बल्कि गांवों, कस्बों और दूरदराज के इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें उचित मंच देना है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।