बीसैप का नया मैनुअल लागू, भर्ती से पदोन्नति तक बदले नियम; SI के 40% पद हवलदारों से भरेंगे
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) ने अपनी कार्यप्रणाली, भर्ती और पदोन्नति को व्यवस्थित करने के लिए नया मैनुअल-2026 अधिसूचित किया है, जिसमें पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक पर जोर दिया गया है।

एसआई के पदों पर भर्ती का नया फार्मूला तय
HighLights
नया बीसैप मैनुअल 2026 कार्यप्रणाली, भर्ती, पदोन्नति व्यवस्थित करेगा।
पुलिस अवर निरीक्षक पदों पर हवलदारों को 40% पदोन्नति मिलेगी।
पारदर्शिता, जवाबदेही और आधुनिक तकनीक पर विशेष जोर दिया गया।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) की कार्यप्रणाली, भर्ती, पदोन्नति और प्रशासनिक व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित किया गया है। इसके लिए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस मैनुअल-2026 अधिसूचित किया गया है। नए मैनुअल में बल के कामकाज को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के साथ आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक (सशस्त्र/परिचारी) के पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती का अनुपात भी निर्धारित कर दिया गया है।
एसआई के पदों पर भर्ती का नया फार्मूला तय
नए मैनुअल के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक (सशस्त्र/परिचारी) के पदों पर 35 प्रतिशत नियुक्ति सीधी भर्ती से होगी। वहीं, 25 प्रतिशत पद सिपाहियों के लिए आयोजित सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से भरे जाएंगे।
शेष 40 प्रतिशत पदों पर हवलदारों को पदोन्नति देकर नियुक्त किया जाएगा। इस व्यवस्था से बीसैप के जवानों को विभागीय परीक्षा और पदोन्नति के माध्यम से अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा।
जिला पुलिस से अलग है बीसैप की कार्यप्रणाली
दरअसल, बिहार पुलिस अधिनियम-2007 के बाद पूरे पुलिस संगठन को एक पुलिस सेवा के रूप में परिभाषित किया गया था। हालांकि, विशेष सशस्त्र पुलिस की कार्यप्रणाली, वर्दी, पदानुक्रम और वाहिनी आधारित व्यवस्था जिला पुलिस से अलग रही है।
इसकी विशिष्ट पहचान और जरूरतों को देखते हुए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम-2021 बनाया गया था। अब इसी अधिनियम के तहत नया मैनुअल जारी किया गया है।
15 अध्यायों में 601 नियम, पांच परिशिष्ट भी शामिल
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस मैनुअल-2026 में कुल 15 अध्याय और 601 नियम शामिल किए गए हैं। इसके अलावा पांच परिशिष्ट और 44 मानक प्रपत्र भी निर्धारित किए गए हैं। मैनुअल में बल की कमान और वाहिनी प्रबंधन से लेकर शस्त्र एवं गोला-बारूद के रखरखाव, प्रशिक्षण, अनुशासन और पुरस्कार तक के नियम तय किए गए हैं।
साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीक पर जोर
नए मैनुअल में साइबर सुरक्षा और सूचना तकनीक के इस्तेमाल को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रशासनिक कार्यों में इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों के उपयोग को बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है। इससे बीसैप की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।
जवानों के स्वास्थ्य और शिकायतों पर भी ध्यान
मैनुअल में जवानों के स्वास्थ्य, कल्याण और शिकायतों के त्वरित निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया है। शिकायत निवारण की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ अनुशासन और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े प्रावधान भी तय किए गए हैं। इस तरह नया मैनुअल बीसैप की भर्ती, सेवा शर्तों, पदोन्नति और दैनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश उपलब्ध कराएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।