विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के सभी स्कूलों में बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:13 PM (IST)

बिहार शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य कर दिया है। 31 मार्च तक यह कार्य पूरा करना होगा, ताकि छात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

आधार अपडेट नहीं होने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी

आधार अपडेट नहीं होने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी

HighLights

  1. छात्रों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य किया गया।

  2. 31 मार्च तक अपडेट पूरा करने की समय सीमा।

  3. सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु यह अपडेट आवश्यक।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के सरकारी और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिन छात्र-छात्राओं का अब तक अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ है, उनका काम 31 मार्च तक हर हाल में पूरा कराना होगा।

इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बुधवार को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को निर्देश जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों को अपने यहां पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों के आधार अपडेट की स्थिति की जांच करनी होगी। इसके लिए यू-डायस प्लस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों का सहारा लिया जाएगा।

आधार अपडेट नहीं होने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी

शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राएं हैं, जिन्होंने आधार नामांकन एवं अद्यतन के प्रावधानों के तहत अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया है।

इसके कारण बच्चों को आधार आधारित प्रमाणीकरण में परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं, सरकारी योजनाओं, विभिन्न प्रकार के लाभ और शैक्षणिक सेवाओं का फायदा लेने में भी कठिनाई आ रही है। इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने सभी विद्यालयों को लंबित आधार अपडेट का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया है।

यू-डायस प्लस पोर्टल से होगी बच्चों की पहचान

विभागीय निर्देश के मुताबिक सभी सरकारी और निजी विद्यालय यू-डायस प्लस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर उन बच्चों की पहचान करेंगे, जिनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है।

इसके बाद विद्यालयवार ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस काम की नियमित निगरानी करने को कहा गया है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक बच्चों का आधार अपडेट सुनिश्चित किया जा सके।

अभिभावकों को जागरूक करेंगे विद्यालय प्रशासन

शिक्षा विभाग ने विद्यालयों को अभिभावकों के बीच अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को बताएगा कि आधार अपडेट क्यों जरूरी है और इसे कहां कराया जा सकता है। साथ ही, अभिभावकों को नजदीकी अधिकृत आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र तक पहुंचने के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर विद्यालयों में लगेंगे विशेष आधार कैंप

जिन विद्यालयों को बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए विशेष कैंप की आवश्यकता होगी, वे इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सकेंगे।

निर्देश में कहा गया है कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से समन्वय बनाकर विशेष कैंप आयोजित कराए जाएं। इससे उन बच्चों को सुविधा मिल सकेगी, जिन्हें आधार केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है।

31 मार्च तक पूरा करना होगा अपडेट का काम

शिक्षा विभाग ने इस पूरे अभियान के लिए 31 मार्च की समय सीमा तय की है। विद्यालयों को लंबित मामलों का रिकॉर्ड तैयार कर नियमित रूप से प्रगति की जानकारी रखनी होगी।

वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने-अपने जिलों में अभियान की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र विद्यार्थी अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट से वंचित न रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।