गणतंत्र दिवस 2027 पर दिल्ली में गूंजेगी बिहार के स्कूल बैंड की धुन, 15 मिनट की प्रस्तुति में दिखेगा देशप्रेम का जज्बा
बिहार के स्कूली छात्र गणतंत्र दिवस 2027 पर नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसके लिए राज्य के सरकारी और निजी विद्यालयों में तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें ब्रास और पाइप बैंड की टीमें हिस्सा लेंगी।

11 दिसंबर तक पूरी करनी होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
HighLights
राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता गणतंत्र दिवस 2027 पर दिल्ली में।
बिहार के सरकारी, निजी स्कूल ब्रास, पाइप बैंड में भाग लेंगे।
जिला स्तर पर आयोजन हेतु प्रत्येक जिले को 50 हजार रुपये।
जागरण संवाददाता, पटना। गणतंत्र दिवस 2027 पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता में बिहार के स्कूली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसके लिए राज्य के सरकारी और निजी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रतियोगिता में ब्रास बैंड और पाइप बैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्देश दिया है।
11 दिसंबर तक पूरी करनी होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए 11 दिसंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद 15 दिसंबर तक विजेता टीम का वीडियो लिंक और आयोजन संबंधी प्रतिवेदन राज्य कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।
शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, नई दिल्ली की ओर से प्रस्तावित इस प्रतियोगिता में सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आइसीएसई, केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस), पीएम श्री और सैनिक स्कूल भी भाग लेंगे।
चार चरणों में होगा मुकाबला, दिसंबर में राज्य स्तरीय आयोजन
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला की ओर से जारी निर्देश के अनुसार प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में जिला, दूसरे में राज्य, तीसरे में क्षेत्रीय और अंतिम चरण में राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला होगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएगी। बिहार को उत्तरी क्षेत्र में शामिल किया गया है, जिसका समन्वय हरियाणा करेगा।
चार श्रेणियों में स्कूल बैंड दिखाएंगे हुनर
प्रतियोगिता में ब्रास बैंड बालक, ब्रास बैंड बालिका, पाइप बैंड बालक और पाइप बैंड बालिका की चार श्रेणियां होंगी। राज्य स्तर पर प्रत्येक श्रेणी से एक-एक विजेता टीम क्षेत्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को जनवरी 2027 में नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
24 से 33 विद्यार्थी होंगे टीम में शामिल
प्रत्येक स्कूल बैंड में न्यूनतम 24 और अधिकतम 33 विद्यार्थी शामिल किए जाएंगे। टीमों को देशभक्ति विषय पर अधिकतम 15 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में एकता, अपनापन और विद्यालय के साथ-साथ देश के प्रति गर्व एवं सम्मान की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत और सामूहिक प्रदर्शन के जरिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रत्येक जिले को आयोजन के लिए मिलेंगे 50 हजार रुपये
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने पटना समेत सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को प्रतियोगिता के आयोजन के निर्देश जारी किए हैं। सभी प्रखंडों के संबंधित विद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2026-27 के तहत प्रत्येक जिले को आयोजन के लिए 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता पर होने वाला खर्च इसी राशि से किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।