बिहार में बालू की किल्लत से मिलेगी राहत, 16 अक्टूबर से 212 घाटों पर शुरू होगा खनन; 9 नए घाट भी तैयार
बिहार में चार महीने के विराम के बाद 16 अक्टूबर से 212 बालू घाटों पर खनन शुरू होगा। सरकार का ...और पढ़ें

16 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा बालू खनन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
16 अक्टूबर से बिहार में बालू खनन फिर शुरू।
212 बालू घाटों पर खनन की तैयारी पूरी।
अवैध खनन पर सख्ती, राजस्व में वृद्धि का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में चार महीने के विराम के बाद 16 अक्टूबर से बालू खनन और उठाव शुरू होगा। सरकार की तैयारी फिलहाल 212 बालूघाटों से खनन की है।
इनमें पीले बालू के 181 और उजले बालू के 31 घाट शामिल हैं। खनन शुरू होने से निर्माण कार्यों के लिए बालू की उपलब्धता बढ़ेगी।
खान एवं भूतत्व मंत्री डाॅ. प्रमोद कुमार ने कहा कि पारदर्शी खनन व्यवस्था, खनिज संसाधनों का संरक्षण और राजस्व वृद्धि सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री डाॅ. प्रमोद ने कहा राजस्व संग्रह में वृद्धि, पारदर्शिता प्राथमिकता
मंत्री ने बताया कि खान एवं भूतत्व विभाग को वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 1,220.53 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह राशि 862.64 करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह में 357.89 करोड़ रुपये यानी 41.48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मंत्री के अनुसार अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई के तहत सितंबर तक 393 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 3,614 वाहन जब्त किए गए हैं।
इस दौरान 52.71 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। पिछले वर्ष इसी अवधि में 333 गिरफ्तारियां हुई थीं, 2,824 वाहन जब्त किए गए थे और 39.87 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया था।
नौ नए घाटों से मार्च से खनन की उम्मीद
मंत्री ने कहा कि विभाग ने पिछले चार महीनों में 10 अनीलामित बालूघाटों की निविदा प्रक्रिया पूरी की है। इनमें नौ घाटों से मार्च 2027 से खनन शुरू होने की संभावना है।
इनसे करीब 76 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर सख्ती जारी रहेगी और निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिहार में बालू खनन पर 4 महीने तक रोक, न मानने पर होगी कड़ी कार्रवाई; सरकार ने दिए निगरानी बढ़ाने के निर्देश
