विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बिहार की सड़कें देश में सबसे बेहतर', मुख्यमंत्री के इस दावे पर जानिए बिहार के लोगों की राय

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:06 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया कि बिहार की ग्रामीण सड़कें देश में सबसे बेहतर हैं, जबकि राज्य में 1.21 लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण हो चुका है। इन सड़कों से लोगों के जीवन में बदलाव आया है, रोजगार और खेती में सुविधा मिली है, साथ ही AI तकनीक का उपयोग कर गुणवत्ता और रखरखाव पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

सूरज कुमार (सुपौल), चंदन कुमार (भागलपुर) और अरुण यादव

सूरज कुमार (सुपौल), चंदन कुमार (भागलपुर) और अरुण यादव

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने बिहार की ग्रामीण सड़कों को देश में सर्वश्रेष्ठ बताया।

  2. 1.21 लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया।

  3. सड़क निर्माण और रखरखाव में AI तकनीक का उपयोग हो रहा।

डिजिटल टीम, पटना एक इंटरव्यू के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया कि राज्य की ग्रामीण सड़कें देश में सबसे बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की ग्रामीण सड़कों की स्थिति पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और झारखंड जैसे पड़ोसी राज्यों की तुलना में काफी अच्छी है। मुख्यमंत्री के इस दावे पर बिहार के लोग क्या सोचते हैं और ग्रामीण सड़कों की स्थिति को लेकर उनका अनुभव कैसा है? आइए, जानते हैं लोगों की जुबानी।

'लोगों के जीवन में भी बदलाव'

बिहार में ग्रामीण सड़कों का विस्तार न केवल गांवों में आवागमन को आसान बना रहा है, बल्कि लोगों के जीवन में भी बदलाव ला रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत राज्य में अब तक 1,21,178.58 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, ग्रामीण टोला संपर्क निश्चय योजना और सुलभ संपर्कता योजना के माध्यम से गांवों और टोलों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने का काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ लोगों की बाजार, स्कूल, अस्पताल और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान करना है।

वहीं, निर्मित सड़कों की गुणवत्ता और टिकाऊपन बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना, ग्रामीण पथ अनुरक्षण नीति-2018 और ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत मरम्मत, सड़क की सतह के नवीनीकरण और नियमित रखरखाव का काम किया जा रहा है।

सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का लक्ष्य

इसके अलावा, ग्रामीण सड़क अनुरक्षण एवं प्रबंधन कार्यक्रम (RRRMP) के तहत पांच वर्ष की अनुरक्षण अवधि पूरी कर चुकी लगभग 28 हजार किलोमीटर सड़कों को शामिल करने की योजना है। इसके पहले चरण में करीब 10 हजार किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इन सड़कों के सुधार के बाद अगले पांच वर्षों तक उनका नियमित रखरखाव भी किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा के लिए भी उठाए जा रहे कदम

ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत सड़कों पर जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप्स और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं से वाहन चालकों को सतर्क करने, यातायात को व्यवस्थित बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही, सड़कों के रखरखाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए 'हमारा बिहार, हमारी सड़क' मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र की सड़कों से जुड़ी समस्याओं की तस्वीरें लेकर विभाग तक पहुंचा सकते हैं। इससे सड़क रखरखाव की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिल रही है।

सड़क परियोजनाओं की जांच में AI तकनीक का इस्तेमाल

ग्रामीण सड़क परियोजनाओं की गुणवत्ता और तकनीकी समीक्षा को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। बिहार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनने वाली ग्रामीण सड़कों की परियोजनाओं में अब PARAKH AI मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जाएगा।

इस मॉड्यूल की मदद से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) का विश्लेषण किया जाएगा। इसके माध्यम से सड़क की डिजाइन, निर्माण सामग्री और अनुमानित लागत की जांच की जा सकेगी। साथ ही, तकनीकी खामियों की पहचान कर परियोजनाओं की समीक्षा को अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

इस तरह ग्रामीण कार्य विभाग सड़क निर्माण से लेकर उनके नियमित रखरखाव, सुरक्षा, जनभागीदारी और आधुनिक तकनीक के जरिए निगरानी तक, हर स्तर पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण सड़कों को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ बनाना है, ताकि गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिले और विकास के विभिन्न अवसरों तक उनकी पहुंच आसान हो सके।

सड़क बनी तो आसान हुआ रोजगार का रास्ता

भागलपुर के कौड़ा गांव के रहने वाले चंदन कुमार मोमोज का ठेला लगाते हैं। ग्रामीण सड़कों के बेहतर होने से अब उनके लिए गांव से बाजार तक पहुंचना आसान हो गया है। इससे वे आसानी से अपनी दुकान लगा पा रहे हैं और अपने रोजगार को आगे बढ़ा रहे हैं।

चंदन कुमार बताते हैं, “मेरा घर भागलपुर के कौड़ा गांव में है। हम मोमोज बेचते हैं। सड़क बनने से अब बहुत सुविधा हो गई है। हम लोग आसानी से आते-जाते हैं। पहले काफी दिक्कत होती थी, लेकिन अब सड़क बन जाने से बहुत अच्छा हो गया है।”

पक्की सड़क से आसान हुई खेती-किसानी

ग्रामीण इलाकों में पक्की सड़कों का लाभ किसानों को भी मिल रहा है। पहले खेतों तक आने-जाने और कृषि उपज को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में काफी परेशानी होती थी। अब सड़क बनने से खेतों तक पहुंचना आसान हो गया है। साथ ही, बाजार तक आने-जाने में समय की बचत हो रही है और खेती-किसानी से जुड़े काम भी पहले की तुलना में आसान हुए हैं।

अरुण यादव बताते हैं, कि “पहले सड़क नहीं होने के कारण लोगों को पैदल चलना पड़ता था। खेती से जुड़ी उपज और अन्य सामान को कंधे पर लादकर ले जाना पड़ता था। वजन उठाने की भी एक सीमा होती है। अब सड़क बनने से गाड़ी की सुविधा मिल गई है। लोग गाड़ी से सामान ढोकर आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंचा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर किराया देकर भी सामान पहुंचाया जा सकता है।”

भागलपुर पहुंचने में लग रहा कम समय

भागलपुर जिले के दरियापुर निवासी अमरजीत कुमार यादव भी सड़क बनने से आए बदलावों को महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया, “पहले सड़क नहीं होने के कारण भागलपुर आने-जाने में लगभग आधा घंटा लग जाता था। अब सड़क बनने के बाद 10 से 15 मिनट में ही भागलपुर पहुंच जाते हैं।”

अमरजीत कुमार यादव के अनुसार, पहले बाजार तक पनीर पहुंचाने में भी काफी परेशानी होती थी। सड़क नहीं होने के कारण बाजार पहुंचने में देर हो जाती थी, लेकिन अब पक्की सड़क बनने से वे समय पर बाजार पहुंच जाते हैं। उन्होंने इसके लिए बिहार सरकार को धन्यवाद दिया।

रोजमर्रा के कामों में भी सुविधा

ग्रामीण टोला संपर्क निश्चय योजना के तहत बनाई जा रही पक्की सड़कें गांवों को मुख्य सड़कों और बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इनसे न केवल लोगों का आवागमन आसान हुआ है, बल्कि रोजगार, खेती-किसानी और रोजमर्रा के कामों में भी सुविधा मिली है। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचना भी आसान हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।