Bihar News: सनातन पर कटाक्ष करने पर चंद्रशेखर खुद निकले भोले बाबा के भक्त, शिवलिंग पर अर्पित करते हैं जल
सनातन धर्म के विरोध में बयान देकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले राजद विधायक चंद्रशेखर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे खुद शिवलिंग पर जलाभिषेक करते दिखाई दे रहे हैं। ये वीडियो जदयू नेता निखिल मंडल द्वारा इंटरनेट मीडिया पर शेयर किया गया है। इसके बाद राजद विधायक चंद्रशेखर के बयानों को वोट की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

राज्य ब्यूरो, पटना। सनातन संस्कृति और देवी-देवताओं के विरुद्ध टिप्पणियां कर पूर्व मंत्री चंद्रशेखर जब-तब सुर्खियां बटोरने का उपक्रम करते रहते हैं। हालांकि, जब अपनी बारी आती है तो वे पूजा-पाठ भी करते हैं। शिवलिंग पर जल चढ़ाते उनका एक वीडियो जारी कर जदयू नेता निखिल मंडल ने राजद के विधायक चंद्रशेखर की कलई खोल दी है।
जदयू नेता ने शेयर किया वीडियो
राजद विधायक चंद्रशेखर जी सही कह रहे है कि ये राजद का मिशन है, क्योंकि इनका मिशन होता तो ये ख़ुद पूजा पाठ करते नहीं दिखते।
दोनों वीडियो को देख आप ख़ुद तय करें कि राजद क्या करना चाह रही है।#MissionRJD pic.twitter.com/Q3WvS5rI7R
— Nikhil Mandal (@nikhilmandalJDU) February 26, 2025
जदयू नेता निखिल मंडल द्वारा इंटरनेट मीडिया पर पूर्व मंत्री चंद्रशेखर के दो वीडियो शेयर किए गए हैं। पहले वीडियों में वे धर्म के विरुद्ध बयान देते नजर आ रहे हैं।
वहीं, दूसरे वीडियो में वे पूजा-पाठ करते दिख रहे हैं। इस वीडियो को देखने से प्रतीत होता है कि हिंदुओं की धार्मिक मान्यताओं और मठ-मंदिर पर चंद्रशेखर की आक्रामक बयानबाजी वस्तुत: वोट की राजनीति है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने साधा निशाना
चंद्रशेखर ने कहा था कि राजद इस सामाजिक कुरीति के विरुद्ध अभियान जारी रखेगा। इस पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी की राय है कि चंद्रशेखर पहले राजद में व्याप्त कुरीतियों से मुक्ति पाएं।
रामचरितमानस और मनुस्मृति आदि पर उनकी नकारात्मक टिप्पणियां सस्ती लोकप्रियता के नमूने हैं और उनका उद्देश्य समाज में विभाजन और विद्वेष फैलाना मात्र है। राजद की राजनीति ही सांप्रदायिक सद्भाव के माहौल में विष घोलने की रही है।
हम का दलित समागम आज, सीएम-डिप्टी सीएम को भी न्योता
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के दलित समागम में मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री समेत एनडीए नेताओं का भी जुटान होगा। शुक्रवार को गांधी मैदान में आयोजित होने वाली रैली को लेकर देर रात तक तैयारियां जारी रहीं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन खुद पार्टी नेताओं के साथ रैली की तैयारियों का जायजा लेते रहे।
एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा
उन्होंने दावा किया कि राज्य के सभी जिले से दलित, वंचित एवं अनुसूचित जातियों के करीब एक लाख लोग रैली में शामिल होंगे।
संतोष सुमन ने बताया कि दलित समागम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, हम के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ,डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राष्ट्रीय लोक मार्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा सहित एनडीए के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने कहा कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समर्थकों के पटना आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण आदि भी उपस्थित थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।