कोर्ट जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत, घर बैठे होगी सुनवाई; बिहार के 899 राजस्व न्यायालय हुए ऑनलाइन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई प्रणाली का लोकार्पण किया।
-1795449687924_m.webp)
वर्चुअल न्यायालय का उद्घाटन करते सीएम सम्राट चौधरी और अन्य मंत्रीगण। फोटो X/samrat4bjp
HighLights
899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई शुरू।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई प्रणाली का लोकार्पण किया।
समय, संसाधन बचेगा, न्याय सुगम और पारदर्शी होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। सोमवार से राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सनवाई की व्यवस्था लागू हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में नई प्रणाली का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि अब राजस्व न्यायालयों में होने वाली सुनवाई के लिए चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।
इससे राजस्व न्यायालयों की कार्यवाही अधिक सुगम, पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी बनेगी। लोगों का समय और संसाधन बचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व से जुड़े करोड़ों मामले लंबित रहते हैं। नई व्यवस्था से मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी। न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ कम होगा।
यह पहल सरकार के सात निश्चय तीन के अंतर्गत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इससे विशेष रूप से गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें सुलभ तरीके से न्याय मिलेगा। सुनवाई की पूरी रिकार्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा।
इससे सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पारित आदेशों की छानबीन, गुणवत्ता और प्रभाव पर नजर रखने के लिए
विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनवाई से संबंधित सूचना एसएमएस के माध्यम से भेजने के साथ-साथ इसके लिए अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित हो।
कॉल सेंटर के माध्यम से भी संबंधित पक्षकारों को सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। ताकि किसी व्यक्ति को सुनवाई की तिथि एवं समय की जानकारी मिलने में कठिनाई न हो।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली से संबंधित एक वीडियो फिल्म दिखाई गई। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने इससे संबंधित एक प्रस्तुतीकरण भी दिया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, राजस्व सचिव जय सिंह, सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशक सुहर्ष भगत सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं राजस्व न्यायालय से संबंधित पदाधिकारी जुड़े थे।
क्या लाभ होगा?
- डिजिटल माध्यम से घर बैठे सुनवाई में शामिल हो सकेंगे आम लोग
- समय और संसाधनों की होगी बचत
- गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों को बड़ी राहत, सुलभ और सुगम होगा न्याय
- मामलों के निष्पादन में आएगी तेजी, न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ होगा कम