बिहार में नतीजे से पहले तारीखों का झटका, दारोगा से AEDO तक कई परीक्षाएं रद; लाखों अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता
बिहार में 2026 का परीक्षा कैलेंडर कई भर्तियों के लिए उलटफेर भरा रहा, जिसमें दारोगा और AEDO जैसी प्रमुख परीक्षाएं ...और पढ़ें

दारोगा परीक्षा रद होने से बड़ा झटका
HighLights
दारोगा और AEDO जैसी प्रमुख परीक्षाएं रद्द या स्थगित हुईं।
लाखों अभ्यर्थियों की सरकारी नौकरी की तैयारी प्रभावित हुई।
नई परीक्षा तारीखों और प्रक्रियाओं का इंतजार जारी है।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए 2026 परीक्षा कैलेंडर का साल तारीखों के उलटफेर के नाम रहा। कहीं परीक्षा रद हुई तो कहीं नई तारीख का इंतजार लंबा होता गया। दारोगा और सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) जैसी बड़ी भर्तियों से जुड़े लाखों अभ्यर्थियों पर इसका सीधा असर पड़ा है।
दारोगा परीक्षा रद होने से बड़ा झटका
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने पुलिस अवर निरीक्षक भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद करने की आधिकारिक सूचना जारी की है।
इस भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा पहले आयोजित हो चुकी थी और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा तक पहुंचे थे। अब आयोग के अगले निर्णय और नई प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों की नजर आधिकारिक सूचना पर है।
AEDO परीक्षा भी कदाचार के बाद रद
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती भी परीक्षा रद होने के कारण चर्चा में रही। 935 पदों वाली इस भर्ती के लिए आयोग के परीक्षा कैलेंडर में फिलहाल परीक्षा की तारीख TBD यानी तय किया जाना बाकी दर्ज है। इससे अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार है।
72वीं BPSC परीक्षा की तारीख बदली
BPSC की 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा भी पहले तय कार्यक्रम से आगे बढ़ चुकी है। आयोग के वर्तमान परीक्षा कैलेंडर में प्रारंभिक परीक्षा की तारीख 25 अक्टूबर 2026 दर्ज है।
आयोग ने 72वीं परीक्षा के लिए पदों में भी संशोधन किया है, इसलिए अभ्यर्थियों को नई आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की जरूरत है।
न्यायिक सेवा समेत कई परीक्षाएं प्रभावित
33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो सकी। BPSC की ताजा जानकारी के अनुसार इसकी परीक्षा स्थगित करने संबंधी सूचना जारी की गई है।
आयोग के परीक्षा कैलेंडर में इसके सामने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन से जुड़ी टिप्पणी दर्ज है। नई तारीख के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की सूचना का इंतजार है।
तकनीकी और होमगार्ड भर्ती भी अटकी
BPSSC की सहायक अवर निरीक्षक (तकनीकी) भर्ती की परीक्षा भी स्थगित की गई है। वहीं बिहार होमगार्ड से जुड़ी कुछ परीक्षाओं के कार्यक्रम में भी बदलाव हुआ है।
आयोग की वेबसाइट पर परीक्षा स्थगन से संबंधित नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए पुरानी तारीखों के बजाय आयोग की ताजा सूचना को आधार बनाना जरूरी है।
चपरासी भर्ती की नई तारीख का इंतजार
बिहार सिविल कोर्ट की चपरासी/अटेंडेंट भर्ती परीक्षा भी रद होने के बाद नई तारीख के इंतजार में है। इसके अलावा BPSC की परियोजना प्रबंधक भर्ती की प्रस्तावित परीक्षा भी प्रशासनिक कारणों से स्थगित की गई है।
यानी 2026 में कई भर्ती प्रक्रियाओं में परीक्षा से लेकर आगे की चयन प्रक्रिया तक तारीखों में बदलाव देखने को मिला है।
अभ्यर्थियों की तैयारी पर पड़ रहा असर
एक परीक्षा के लिए महीनों तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब अनिश्चित कार्यक्रम है। परीक्षा रद या स्थगित होने के बाद उन्हें नई तारीख, दोबारा परीक्षा की प्रक्रिया और परिणाम से जुड़ी जानकारी के लिए लगातार आधिकारिक वेबसाइट देखनी पड़ रही है। BPSC ने भी अपने परीक्षा कैलेंडर में तारीखों को टेंटेटिव बताया है।
