विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Ranji Team: रिंकू सिंह समेत 3 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पहुंचे राजगीर, वैभव के बिना बिहार की अग्निपरीक्षा

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:31 AM (IST)

बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी का मुकाबला 11 अक्टूबर से राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जिसमें रिंकू ...और पढ़ें

रिंकू सिंह समेत यूपी टीम पहुंची बिहार

रिंकू सिंह समेत यूपी टीम पहुंची बिहार

HighLights

  1. बिहार-यूपी रणजी मुकाबला 11 अक्टूबर से राजगीर में।

  2. रिंकू सिंह सहित कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यूपी टीम में।

  3. वैभव सूर्यवंशी के बिना बिहार टीम को बड़ी चुनौती।

जागरण संवाददाता, पटना। रणजी ट्राफी के एलीट ग्रुप में बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच मुकाबले का मंच तैयार है। चार दिवसीय मैच 11 अक्टूबर से राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए उत्तर प्रदेश की टीम गुरुवार को गयाजी पहुंची। टीम में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके रिंकू सिंह और करण शर्मा के साथ अंडर-19 टीम के खिलाड़ी कार्तिक त्यागी भी शामिल हैं।

कप्तान आर्यन जुयाल, यश दयाल और प्रियम गर्ग जैसे खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी। दूसरी ओर, बिहार को पहले दो मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी की सेवाएं नहीं मिलेंगी। ऐसे में शकीबुल गनी की अगुआई वाली बिहार टीम के सामने मजबूत यूपी टीम की चुनौती होगी।

रिंकू सिंह समेत दिग्गज खिलाड़ियों से सजी यूपी टीम

उत्तर प्रदेश की टीम में अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है। भारतीय टीम में जगह बना चुके रिंकू सिंह और करण शर्मा टीम को मजबूती देंगे।

वहीं, कार्तिक त्यागी जैसे युवा खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाने उतरेंगे। कप्तान आर्यन जुयाल के नेतृत्व में यूपी की टीम बिहार के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

यश दयाल और प्रियम गर्ग जैसे नाम भी मुकाबले को दिलचस्प बना सकते हैं। गयाजी एयरपोर्ट पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से लाइजनिंग आफिसर रूपक कुमार ने उत्तर प्रदेश की टीम का स्वागत किया।

वैभव सूर्यवंशी की गैरमौजूदगी में बिहार की परीक्षा

बिहार की टीम को शुरुआती दो मुकाबलों में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की कमी खलेगी। वेस्टइंडीज दौरे पर होने के कारण वह इन मैचों में टीम के साथ नहीं रहेंगे।

ऐसे में बिहार के अन्य बल्लेबाजों और गेंदबाजों पर प्रदर्शन की जिम्मेदारी होगी। टीम को घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए उत्तर प्रदेश के मजबूत खिलाड़ियों के सामने बेहतर खेल दिखाना होगा।

राजगीर में होने वाला यह मुकाबला बिहार के लिए अपने संयोजन और क्षमता को साबित करने का अवसर भी होगा।

शकीबुल गनी को फिर मिली कप्तानी की जिम्मेदारी

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप के सत्र 2026-27 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की है।

शकीबुल गनी को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि हिमांशु सिंह उपकप्तान होंगे। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी जगह मिली है।

अंडर-23 प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के बाद नमन गौरव और पृथ्वीराज को रणजी टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन किया है।

आशुतोष अमन पहली बार बने बिहार के मुख्य कोच

बिहार की टीम के साथ इस बार कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव देखने को मिलेगा। बिहार को प्लेट ग्रुप का चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले आशुतोष अमन को पहली बार रणजी टीम का मुख्य कोच बनाया गया है।

अशोक कुमार सहायक कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम के फिजियो डा. हेमेन्दु और ट्रेनर गोपाल कुमार होंगे। रणजी टीम के चयन की प्रक्रिया बीसीसीआइ की ओर से बुलाए गए चयनकर्ताओं हरविंदर सिंह, एस. शरद और अमिताभ विजयवर्गीय की निगरानी में पूरी की गई।

बिहार की 17 सदस्यीय टीम में इन खिलाड़ियों को जगह

बिहार की मुख्य टीम में शकीबुल गनी (कप्तान), आयुष लोहारुका, मंगल महरूर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर), सरमन निगरोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वीराज, हिमांशु सिंह (उपकप्तान), खालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, शाकिब हुसैन, एमडी इजहार, शब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह और अमोद यादव को शामिल किया गया है।

छह खिलाड़ी स्टैंडबाय में, राजगीर में होगी टक्कर

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने मुख्य टीम के अलावा छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय के रूप में रखा है। इनमें नवाज खान, मलय राय, दानिश आलम, तनु कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत कुमार सिंह शामिल हैं।

अब सभी की नजरें 11 अक्टूबर से राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने वाले बिहार-उत्तर प्रदेश मुकाबले पर रहेंगी। एक ओर रिंकू सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले खिलाड़ी यूपी को मजबूती देंगे, तो दूसरी ओर बिहार की टीम कप्तान शकीबुल गनी के नेतृत्व में घरेलू मैदान पर चुनौती पेश करेगी।

यह भी पढ़ें- Bihar Ranji Team: पहले दो मैचों से बाहर रहेंगे वैभव सूर्यवंशी, शकीबुल गनी को फिर मिली बिहार की कप्तानी