राज्यसभा में वोट नहीं करने वाले अपने विधायक पर एक्शन क्यों नहीं ले रहे तेजस्वी? JDU ने कहा- दम है तो...
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के तीन और राजद के एक ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव और फैसल रहमान। फाइल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पटना। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक द्वारा वोट नहीं डालने का असर महागठबंधन के उम्मीदवार एडी सिंह की हार के रूप में सामने आया।
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने अपने तीन विधायकों पर कार्रवाई की अनुशंसा कर दी है, लेकिन राजद ने अब तक अपने विधायक फैसल रहमान के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया है। इसे लेकर विपक्ष पर सवाल उठने लगे हैं।
कार्रवाई की स्थिति में नहीं है राजद
जदयू ने इस मुद्दे पर राजद और उसके नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राजद अपने विधायक पर कार्रवाई करने की स्थिति में ही नहीं है, क्योंकि ऐसा करने से उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हो जाएगी।
नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि जो अपने 35 साल पुराने किले को ही नहीं बचा सके, वे दूसरों के टूटने की बात कैसे करते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जदयू में टूट की बात की जाती है, तो राजद अपने ही विधायक फैसल रहमान के मामले पर क्या जवाब देगा।
तेजस्वी में नैतिक बल नहीं कि करें कार्रवाई की अनुशंसा
उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी यादव में इतना नैतिक बल नहीं है कि वे इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत दें। अगर ऐसा करते हैं तो उनकी विधायकों की संख्या घट जाएगी और वे विपक्ष के नेता का दर्जा भी खो सकते हैं।
फैसल रहमान के मामले पर जदयू ने परोक्ष रूप से धनबल के प्रभाव की भी आशंका जताई। साथ ही, रमजान के दौरान उनकी निजी वजहों पर सवाल उठाए जाने को लेकर भी बयानबाजी की गई।
राज्यसभा चुनाव के बाद सामने आई इस राजनीतिक खींचतान ने महागठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि सत्तापक्ष इसे विपक्ष की कमजोरी के तौर पर पेश कर रहा है।
