बिहार में निजी अस्पतालों के टीकाकरण का भी बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, सरकारी पोर्टल पर दर्ज होगा पूरा ब्योरा
बिहार स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और गर्भवतियों के शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए नई पहल की है। अब निजी अस्पतालों में ...और पढ़ें

निजी अस्पतालों का रिकॉर्ड सरकारी पोर्टल पर होगा दर्ज
HighLights
निजी अस्पतालों के टीकाकरण रिकॉर्ड अब सरकारी डिजिटल प्रणाली में दर्ज होंगे।
एचएमआइएस और यू-विन पोर्टल से जुड़ेंगे सभी निजी अस्पताल।
बच्चों और गर्भवतियों के शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल होगा।
राज्य ब्यूरो,पटना। बिहार में बच्चों और गर्भवतियों के शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल की है। अब निजी अस्पतालों में होने वाले टीकाकरण का रिकॉर्ड भी सरकारी डिजिटल व्यवस्था में दर्ज होगा। इसके लिए क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकृत सभी निजी अस्पतालों को हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआइएस) और यू-विन पोर्टल से जोड़ा जाएगा।
इससे सरकारी और निजी अस्पतालों में होने वाले टीकाकरण का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार होगा। साथ ही टीकाकरण से छूटे बच्चों और गर्भवतियों की पहचान करना आसान होगा।
निजी अस्पतालों का रिकॉर्ड सरकारी पोर्टल पर होगा दर्ज
एनएफएचएस-6 (2023-24) के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में 12 से 23 माह के 2.1 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण निजी अस्पतालों में होता है। ऐसे में निजी क्षेत्र में होने वाले टीकाकरण का रिकॉर्ड भी सरकारी आंकड़ों में शामिल करना जरूरी है।
राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डा. नवल किशोर चौधरी ने सभी सिविल सर्जनों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। जिलों में टीकाकरण की सुविधा देने वाले निजी अस्पतालों की पोर्टल पर मैपिंग कराई जाएगी। इन संस्थानों में टीका लेने वाले प्रत्येक लाभार्थी का विवरण नियमित रूप से ऑनलाइन दर्ज करना होगा।
अस्पतालों का पंजीकरण और मैपिंग होगी अनिवार्य
यू-विन की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, सब-डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेटर निजी अस्पतालों का पंजीकरण और पोर्टल पर मैपिंग करेंगे। इसके लिए संस्थान का नाम, पता, पिन कोड, ग्रामीण या शहरी क्षेत्र की जानकारी, अक्षांश-देशांतर और संबंधित प्रखंड अथवा शहरी निकाय का विवरण दर्ज किया जाएगा।
अस्पतालों में हेल्थ फैसिलिटी मैनेजर, डिलीवरी प्वाइंट मैनेजर और टीकाकरण कर्मियों की भूमिका भी निर्धारित कर उन्हें पोर्टल से जोड़ा जाएगा।
निजी अस्पताल खुद प्रकाशित करेंगे टीकाकरण सत्र
निजी अस्पतालों को यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण सत्र स्थल तैयार करना होगा। इसके बाद सत्र की तारीख, समय और लाभार्थियों की क्षमता के अनुसार उसे प्रकाशित किया जाएगा। इससे टीकाकरण कार्यक्रम की ऑनलाइन निगरानी और लाभार्थियों का रिकॉर्ड रखने में सुविधा होगी।
गर्भवतियों और बच्चों का अलग-अलग डिजिटल रिकॉर्ड
एचएमआइएस पोर्टल पर टीकाकरण की रिपोर्टिंग अलग-अलग श्रेणियों में होगी। गर्भवतियों के टीकाकरण का ब्योरा एम-1 और बच्चों तथा किशोर-किशोरियों का विवरण एम-9 फैसिलिटी कोड के तहत दर्ज किया जाएगा।
वहीं, यू-विन पोर्टल पर प्रत्येक लाभार्थी का नाम आधारित रिकॉर्ड तैयार होगा। इसमें किस लाभार्थी को कौन-सा टीका दिया गया है, इसकी पूरी जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगी। इससे टीकाकरण की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा सकेगा।
टीकों की रिपोर्टिंग के लिए भी तय किए गए नियम
निजी अस्पतालों में हेक्सावैलेंट या समकक्ष टीके की रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल पर पेंटावैलेंट या समकक्ष के रूप में करनी होगी। इसी तरह एमएमआर टीके की प्रविष्टि एमआर या समकक्ष के रूप में दर्ज की जाएगी। निजी अस्पतालों में टीकाकरण के बाद केवल यूआइपी ई-टीकाकरण प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।
प्रबंधकों और कर्मियों को जोड़नी होगी एचपीआर आइडी
पोर्टल पर काम करने वाले संबंधित प्रबंधकों और टीकाकरण कर्मियों को पहली बार लॉग-इन करते समय अपनी हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर) आइडी को यू-विन यूजर आइडी से जोड़ना होगा।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से निजी और सरकारी संस्थानों के टीकाकरण आंकड़ों में एकरूपता आएगी। साथ ही लाभार्थियों का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।